चिड़ावा में ‘वंदे गंगा’ अभियान के तहत बावलिया बाबा धाम में सामूहिक आरती, जल और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
चिड़ावा। झुंझुनूं I अजीत जांगिड़
राज्य सरकार के ‘वंदे गंगा’ अभियान के अंतर्गत चिड़ावा शहर के आराध्य संत परमहंस पंडित गणेश नारायण बावलिया बाबा के समाधि स्थल पर शनिवार को सामूहिक आरती एवं जन-जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैनिक कल्याण बोर्ड (राज्य मंत्री स्तर ) के चेयरमैन एवं भाजपा नेता प्रेम सिंह बाजौर ने योग और स्वास्थ्य को लेकर दिए अपने बयान से चर्चा बटोरी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बाजौर ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए योग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मुसलमानों ने 1400 वर्ष पहले ही योग को “हाईजैक” कर लिया था और वे दिन में पांच बार नमाज अदा कर नियमित रूप से योग जैसी शारीरिक क्रियाएं करते हैं, जिससे उनका स्वास्थ्य बेहतर रहता है। उन्होंने लोगों से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। बाजौर ने समाज में आध्यात्मिक चेतना बढ़ाने के लिए मंदिरों में नियमित रूप से जाने की अपील करते हुए जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति संवर्धन को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक संसाधनों को बचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के स्पष्ट विजन के अनुरूप ‘वंदे गंगा’ अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत प्रदेशभर में पोखरों, तालाबों और जोहड़ों की सफाई एवं पुनर्जीवन का कार्य किया जा रहा है। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के लिए व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान भी चलाया जा रहा है।
पेड़ों का पूजन हमारी संस्कृति का हिस्सा : कलेक्टर
जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने कहा कि भारतीय संस्कृति में पेड़ों को पूजनीय माना गया है। उन्होंने कहा कि प्रकृति संरक्षण की यह परंपरा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और स्वस्थ जीवन सुनिश्चित करने का संदेश देती है। ‘वंदे गंगा’ अभियान के माध्यम से आमजन को जल, पर्यावरण और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। कार्यक्रम में ओबीसी मोर्चा सदस्य पवन मावंडिया, अभियान के जिला संयोजक विश्वभंर पूनिया, सह संयोजक राकेश शर्मा, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष नरेंद्र गिरधर, पूर्व अध्यक्ष बाबूलाल वर्मा, जिला परिषद सीईओ परशुराम धानक, पूर्व प्रधान कैलाश मेघवाल, जिला प्रवक्ता हनुमान सिंह, पूर्व पार्षद रविकांत शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष जयसिंह माठ ने किया। इस अवसर पर एसडीएम सुप्रिया, तहसीलदार रामकुमार पूनिया, नायब तहसीलदार बलबीर सिंह कुलहरि, बीडीओ अनीषा बिजारणिया, ईओ दिनेश कुमार, भाजपा नेता मुकेश जलिंद्रा, सुनील भड़िया, युवा मोर्चा नगर अध्यक्ष अशोक शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
महंत संजय पुजारी के सानिध्य में हुई सामूहिक आरती
कार्यक्रम के समापन पर मंदिर परिसर में महंत संजय पुजारी के सानिध्य में सामूहिक आरती आयोजित की गई। श्रद्धालुओं ने प्रसाद अर्पित कर क्षेत्र की खुशहाली और पर्यावरण संरक्षण की कामना की। बाद में उपस्थित लोगों में प्रसाद वितरण किया गया।










