हीटवेव के मध्यनजर परखी अस्पताल स्वास्थ्य सेवाएं
झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर ने मलसीसर एवं अलसीसर क्षेत्र के स्वास्थ्य संस्थानों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पतालों में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सेवाओं, दवा वितरण, जांच सुविधाओं, साफ-सफाई एवं हीट वेव से बचाव के लिए की गई व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। सीएमएचओ डॉ. गुर्जर सबसे पहले उप जिला अस्पताल मलसीसर पहुंचे। जहां उन्होंने ओपीडी एवं आईपीडी सेवाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से संवाद कर उपचार, दवाओं की उपलब्धता एवं चिकित्सकीय सेवाओं के संबंध में फीडबैक लिया। मरीजों ने अस्पताल में मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ ने दवा भंडार, जांच प्रयोगशाला, वार्डों की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि मरीजों को समय पर उपचार एवं आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा अस्पताल परिसर में साफ-सफाई एवं अनुशासन बनाए रखा जाए। इस अवसर पर पीएमओ डॉ. सत्यवीर सिंह ने अस्पताल की व्यवस्थाओं एवं संचालित सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। सीएमएचओ ने सभी वार्डों का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। भीषण गर्मी एवं हीट वेव को देखते हुए सीएमएचओ डॉ. गुर्जर ने अस्पताल में की गई विशेष व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में मरीजों एवं आमजन को राहत प्रदान करने के लिए पर्याप्त पेयजल, छाया, दवाओं एवं आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही हीट स्ट्रोक से बचाव के प्रति आमजन को जागरूक करने के निर्देश भी दिए। इसके पश्चात सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर ने बीसीएमओ कार्यालय मलसीसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बीसीएमओ डॉ. अशोक सैनी एवं बीपीओ राकेश गोरा ने ब्लॉक क्षेत्र में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं, विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों एवं योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। सीएमएचओ ने स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं लक्ष्य पूर्ति के निर्देश दिए। इससे पूर्व सीएमएचओ डॉ. गुर्जर ने सीएचसी अलसीसर का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने चिकित्सा व्यवस्थाओं, मरीजों को मिल रही सुविधाओं एवं स्टाफ की उपस्थिति का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। सीएमएचओ डॉ. गुर्जर ने कहा कि जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। निरीक्षण का उद्देश्य व्यवस्थाओं में सुधार कर आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। निरीक्षण में तीनों संस्थानों पर सभी कार्मिक उपस्थित मिले।
एसडीएच मलसीसर और सीएचसी अलसीसर के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया
सीएमएचओ डॉ. गुर्जर ने उप जिला अस्पताल मलसीसर के निर्माणधीन भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्य का जायजा लिया। इंजीनियर्स से निर्माण कार्य में प्रयुक्त सामग्री, प्लान और तैयार होने के अपेक्षित समय के बारे में बताया। सीएमएचओ डॉ. गुर्जर ने बताया करीब छह माह में पूर्ण होने का अनुमान है। सीएचसी अलसीसर का निर्माण भी तेजी से चल रहा है जो जल्द पूर्ण होने की संभावना है। सीएमएचओ ने निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान रखने के निर्देश दिए।
घांघू जीण माता मंदिर चोरी का खुलासा, अंतरराज्यीय नकबजन गिरोह के 2 आरोपी गिरफ्तार
एसपी ऑफिस के स्वागत कक्ष से अपहरण मामला, कोतवाली थाने में नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
15 वर्षीय बालक को डॉक्टरों ने दी नई जिंदगी 🚑 छुट्टी के दिन खुला ऑपरेशन थिएटर | Churu News
ऑपरेशन म्यूल हंटर, करोड़ों के साइबर फ्रॉड का खुलासा | 1.16 करोड़ ट्रांजैक्शन | Churu News
















