खेतड़ी I झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
सिंघाना कस्बे के खिलाड़ी का वर्ल्ड क्वान किडो चैंपियनशीप में चयन होने पर ग्रामीणों की ओर से सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व पालिकाध्यक्ष विजय कुमार पांडे थे, जबकि अध्यक्षता संतोष सैनी ने की। कार्यक्रम के दौरान सर्वप्रथम अतिथियों ने खिलाड़ी का माल्यार्पण कर सम्मान किया गया। जानकारी के अनुसार सिंघाना निवासी अभिषेक कुमार पुत्र महेंद्र कुमार राजौरा का चयन रोमानिया में आयोजित होने वाली 8वीं वर्ल्ड क्वान किडो चैंपियनशिप 2026 के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता 22 मई से 24 मई तक रोमानिया में आयोजित की जाएगी, जिसमें अभिषेक कुमार भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनकी इस उपलब्धि से पूरे सिंघाना क्षेत्र में खुशी की लहर है। अभिषेक कुमार लंबे समय से कठोर मेहनत और नियमित प्रशिक्षण के माध्यम से क्वान किडो खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उनकी इस सफलता को युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है। क्षेत्रवासियों एवं खेल प्रेमियों ने अभिषेक कुमार को इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए बधाई देते हुए कहा कि वह देश के लिए पदक जीतकर भारत का गौरव बढ़ाएं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विजय कुमार पांडे ने कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने का सशक्त माध्यम है। खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। जो युवा मैदान में नियमों का पालन करना सीखता है, वही आगे चलकर जीवन में भी सफल नागरिक बनता है। उन्होंने युवाओं से पढ़ाई के साथ-साथ खेल को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। आज के दौर में ग्रामीण युवाओं को नशा और भटकाव से बचाकर खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने खिलाड़ी अभिषेक कुमार के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस मौके पर विजेंद्र राजोरा, नरेश कुमार, अजय कुमार, राधेश्याम, कालू, संदीप कुमार, राजकुमार, सुरेंद्र, विजेश कुमार, अशोक कुमार सहित अनेक लोग मौजूद थे।












