Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं भीषण गर्मी में दोहरी ड्यूटी से शिक्षक परेशान, आरजीएचएस बहाली की उठी...

भीषण गर्मी में दोहरी ड्यूटी से शिक्षक परेशान, आरजीएचएस बहाली की उठी मांग

राजस्थान शिक्षक संघ सियाराम ने मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
राजस्थान शिक्षक संघ सियाराम जिला शाखा झुंझुनूं की ओर से आगामी 31 मई से 5 जून 2026 तक आयोजित होने वाली आरपीएससी प्राध्यापक भर्ती परीक्षा में शिक्षकों की ड्यूटी केवल एक ही पारी में लगाए जाने तथा आरजीएचएस योजना को पुनः बहाल करने की मांग को लेकर जिला कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। जिला अध्यक्ष अशोक कुल्हरी ने बताया कि इससे पूर्व भी इस संबंध में जिला प्रशासन को ज्ञापन दिया गया था, जिस पर सकारात्मक पहल करते हुए कुछ परीक्षाओं में शिक्षकों की ड्यूटी एक ही पारी में लगाई गई थी, लेकिन हाल ही में आयोजित भर्ती परीक्षा में पुनः शिक्षकों की दो पारी में ड्यूटी लगा दी गई। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक लगातार ड्यूटी करना शिक्षकों के लिए मानसिक एवं शारीरिक रूप से अत्यंत कष्टदायक है। कई बार भोजन तक का समय नहीं मिल पाता, जिससे वीक्षण कार्य की गुणवत्ता भी प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है। संघ पदाधिकारियों ने मांग की कि आगामी भर्ती परीक्षाओं में शिक्षकों की ड्यूटी केवल एक पारी में लगाई जाए, ताकि वे सुचारू रूप से अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।ज्ञापन में राज्य सरकार की आरजीएचएस योजना का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। शिक्षक नेताओं ने कहा कि योजना में लगातार कटौती और सरकार व निजी अस्पतालों के बीच चल रहे गतिरोध के कारण पिछले एक माह से निजी अस्पतालों में आरजीएचएस के तहत उपचार बंद पड़ा है। इससे राज्य कर्मचारियों और शिक्षकों में भारी नाराजगी है तथा वे स्वयं को ठगा महसूस कर रहे हैं। संघ ने मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप कर निजी अस्पतालों और सरकार के बीच चल रहे विवाद का शीघ्र समाधान करवाते हुए आरजीएचएस योजना को पुनः सुचारू रूप से बहाल करने की मांग की।ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश मुख्य महामंत्री उम्मेद सिंह डूडी, प्रदेश उपाध्यक्ष सुबेन्द्र बिजारणियां, झुंझुनूं ब्लॉक अध्यक्ष रतिराम धींवा, विकास बुडानियां, विनोद भड़िया, शेर सिंह, अमर सिंह, रामसिंह कुल्हरी, राजेंद्र बिजारणिया, शीशराम बिजारणिया सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Advertisement