पहले 21 क्षेत्रों के नामांकन कलेक्ट्रेट के कमरा 111 में , 22 से 41 तक के नामांकन कमरा 109 में होंगे
झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 की नामांकन प्रक्रिया को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने जिला परिषद सदस्यों के निर्वाचन के लिए निर्वाचन क्षेत्रवार रिटर्निंग एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारियों की नियुक्ति की है। जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार जिला परिषद के निर्वाचन क्षेत्र संख्या 1 से 21 तक के लिए जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट को रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। इन निर्वाचन क्षेत्रों के लिए नाम निर्देशन-पत्र कलेक्ट्रेट स्थित कमरा नंबर 111 में प्राप्त किए जाएंगे। इसी प्रकार निर्वाचन क्षेत्र संख्या 22 से 41 तक के लिए अतिरिक्त जिला कलेक्टर एवं अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट को सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। इन क्षेत्रों के नाम निर्देशन-पत्र कलेक्ट्रेट के कमरा नंबर 109 में प्राप्त किए जाएंगे। नामांकन प्रक्रिया को व्यवस्थित, पारदर्शी एवं सुचारू रूप से संपादित कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों के साथ आवश्यक सहयोगी स्टाफ की भी नियुक्ति की है। जिला प्रशासन की ओर से निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण को निर्धारित व्यवस्थाओं के अनुरूप संपादित कराने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।










