एबीएन में 18 मई से सजेगा खुशियों का ‘समर कैंप

कौशल निखारने का मिलेगा सुनहरा अवसर

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
गर्मी की छुट्टियों को रचनात्मक और ज्ञानवर्धक बनाने के लिए शहर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान आदर्श बाल निकेतन (एबीएन) सीनियर सैकंडरी स्कूल द्वारा समर कैंप 2026 का आयोजन किया जा रहा है। जानकारी देते हुए स्कूल प्रधानाचार्य डॉ. अजय शर्मा ने बताया कि गिव विंग्स टू योअर स्किल्स विथ अस के ध्येय वाक्य के साथ यह कैंप छात्र-छात्राओं को उनकी प्रतिभा निखारने के लिए एक शानदार मंच प्रदान करेगा। यह कैंप 18 मई से शुरू होगा। जो 30 मई तक चलेगा। जिसका समय सुबह साढ़े सात बजे से 11 बजे तक रहेगा। चूणा चौक स्थित आदर्श बाल निकेतन स्कूल में कैंप का आयोजन किया जाएगा। जिसका प्रवेश शुल्क 250 रूपए नाममात्र रखा गया है। कैंप के दौरान विद्यार्थियों को शारीरिक और मानसिक विकास के लिए विभिन्न गतिविधियों में प्रशिक्षित किया जाएगा। एक विद्यार्थी अधिकतम तीन गतिविधियों का चयन कर सकता है। प्रमुख गतिविधियों में कम्यूनिकेशन स्किल सुधारने के लिए स्पोकन इंग्लिश, डिजिटल साक्षरता और तकनीकी ज्ञान के लिए कंप्यूटर, कलात्मक अभिव्यक्ति और फिटनेस के लिए डांस, रचनात्मकता को नए पंख देने के लिए आर्ट एंड क्राफ्ट, खेलकूद और शारीरिक स्फूर्ति के लिए बैडमिंटन—टेबिल टेनिस तथा मानसिक शांति और बेहतर स्वास्थ्य के लिए योग क्रिया करवाई जाएगी। स्कूल प्रबंध कमेटी सचिव परमेश्वर हलवाई ने बताया कि यह कैंप केवल विद्यालय के छात्रों तक सीमित नहीं है। अन्य स्कूलों के विद्यार्थी भी इस समर कैंप में हिस्सा ले सकते हैं और अपनी छुट्टियों का सदुपयोग कर सकते हैं। इच्छुक अभिभावक और विद्यार्थी स्कूल परिसर में जाकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं या दिए गए मोबाइल नंबर 9352919757 पर संपर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।