एकता मंच के आयोजन में समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी, संस्थापक की प्रतिमा लगाने का प्रस्ताव
चूरू। चूरू एकता मंच द्वारा नगर श्री शोध संस्थान में चूरू का स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संस्थापक चूहरू जाट की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर की गई, जिसमें विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं और समाज के सभी वर्गों के लोगों ने भाग लिया।कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्षद जगदीश मेघवाल ने करते हुए बताया कि चूहरू जाट ने पहले ढाणी बसाई, जिसे कालेरा बास कहा गया और बाद में वर्ष 1620 में शहर का नाम चूहरू के नाम पर चूरू पड़ा।मुख्य अतिथि पत्रकार, लेखक एवं फिल्म निर्देशक राजेन्द्र सिंह शेखावत ने चूहरू जाट के जीवन पर हिंदी फीचर फिल्म बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि चूहरू जाट का व्यक्तित्व ऐतिहासिक है और फिल्म में चूरू की संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। इस अवसर पर उन्हें मोमेंटो देकर सम्मानित भी किया गया।विशिष्ट अतिथि सामाजिक कार्यकर्ता दीपिका शर्मा ने चूहरू जाट को नमन करते हुए लोक संस्कृति और लोकगीतों का महत्व बताया और लोकगीत प्रस्तुत किया। जिला उप प्रमुख महेन्द्र न्योल ने कहा कि चूरू ऐतिहासिक हवेलियों का शहर है और इसे पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।मुख्य वक्ता दलीप सरावग ने चूरू के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह शहर सैकड़ों वर्ष पुराना है और इसके विकास में व्यापारिक व सामाजिक समुदायों का बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने बताया कि बिड़ला, बागला, गोयनका, लोहिया, मरदा, खेमका व पारख जैसे श्रेष्ठी परिवारों ने शिक्षा संस्थान स्थापित किए, वहीं भरतिया परिवार ने अस्पताल की सौगात दी।उन्होंने जयदयाल गोयनका द्वारा गीता प्रेस गोरखपुर की स्थापना, सत्यनारायण गोयनका द्वारा विपश्यना साधना के प्रचार, भरत व्यास, देवेन्द्र झाझड़िया और कृष्णा पूनिया जैसे प्रतिभाओं का भी उल्लेख किया। कार्यक्रम में सालासर बालाजी और ददरेवा गोगाजी जैसे धार्मिक स्थलों की महत्ता भी बताई गई।अंत में उपस्थित लोगों ने सर्वसम्मति से चूरू संस्थापक चूहरू जाट की प्रतिमा स्थापित करने का प्रस्ताव रखा। कार्यक्रम का संचालन संयोजक विनोद राठी ने किया।इस अवसर पर लक्ष्मीकांत शर्मा, विकास मील, भानूप्रकाश सेवदा, प्रताप सिंह, राकेश वर्मा, कपिल चंदेल, बंसी पवार, श्रवण सैनी, मुरारी लाल टाइवाला, कैलाश पारीक, शीतल सोनी, सुरेंद्र पिपलवा, आकाश ओझा, राजेश चौधरी, अंजू नेहरा, रणजीत कस्वा, सरफराज खान, आनंद जोशी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।










