भाजपा की जीत पर गढ़ चौराहे पर जश्न, आतिशबाजी कर मनाई खुशी

विधायक हरलाल सारण व जिलाध्यक्ष बसंत शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बांटी मिठाई

चूरू। पश्चिम बंगाल, असम व पुडुचेरी में भाजपा की जीत तथा अन्य राज्यों में शानदार प्रदर्शन पर भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने गढ़ चौराहे पर उत्साहपूर्वक जश्न मनाया। विधायक हरलाल सारण एवं जिलाध्यक्ष बसंत शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया और बधाइयां दीं।इस अवसर पर विधायक हरलाल सारण ने कहा कि यह जीत नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और जनता के विश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत और केंद्रीय नेतृत्व—अमित शाह एवं नितिन नवीन—के मार्गदर्शन से भाजपा को यह प्रचंड सफलता मिली है।जिलाध्यक्ष बसंत शर्मा ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत विशेष महत्व रखती है। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां की तृणमूल कांग्रेस सरकार के शासन से लोग त्रस्त थे और यह जीत जनता के भाजपा के प्रति बढ़ते विश्वास को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि अब भाजपा शासन में पश्चिम बंगाल को विकास की नई दिशा मिलेगी।कार्यक्रम में जिला महामंत्री अभिषेक चोटिया, जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र काछवाल, जिला मंत्री दीनदयाल सैनी, नेता प्रतिपक्ष विमला गढ़वाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे को बधाई देते हुए इस जीत को ऐतिहासिक बताया।