6 दिन की तलाश के बाद नाबालिग बरामद, आरोपी गिरफ्तार

बगड़ थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: राजस्थान-हरियाणा तक चली तलाश, साइबर सेल की मदद से सिंघाना क्षेत्र से मिली बालिका

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
बगड़ थाना पुलिस ने नाबालिग बालिका के अपहरण के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत बालिका को सकुशल दस्तयाब कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की विशेष टीमों ने राजस्थान और हरियाणा के कई संभावित स्थानों पर लगातार दबिश देकर यह सफलता हासिल की। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर (आईपीएस) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत (आरपीएस) के मार्गदर्शन तथा वृताधिकारी हरिसिंह धायल (आरपीएस) के सुपरविजन में बगड़ थाना प्रभारी दौलतराम आरपीएस के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार परिवादी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री बिना बताए घर से चली गई है। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने तुरंत जांच शुरू करते हुए अलग-अलग टीमों का गठन किया। टीमों ने बगड़, झुंझुनूं, सीकर, चूरू, चिड़ावा, पिलानी, सूरजगढ़, लुहारू सहित हरियाणा के विभिन्न क्षेत्रों में तलाश अभियान चलाया। जांच के दौरान साइबर सेल से मिले तकनीकी साक्ष्यों और आसूचना संकलन के आधार पर पुलिस ने 29 अप्रैल 2026 को सिंघाना क्षेत्र से नाबालिग बालिका को दस्तयाब कर लिया। मामले में आरोपी महेन्द्र सैनी पुत्र भादरमल निवासी पकौड़ी की ढाणी, थाना बगड़ को गिरफ्तार किया गया। अनुसंधान में आरोपी के खिलाफ अपराध प्रमाणित पाया गया। पूरे ऑपरेशन में साइबर सेल और डीएसटी टीम की भूमिका महत्वपूर्ण रही। तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस लगातार आरोपी की लोकेशन ट्रैक करती रही, जिसके बाद आखिरकार आरोपी तक पहुंच बनाई गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी दौलतराम आरपीएस, कांस्टेबल रामस्वरूप, साइबर सेल के एचसी जितेन्द्र थाकन, डीएसटी टीम के अमित मोटसरा व गौतम झाझड़िया, महिला कांस्टेबल सुनीता, नरेश कुमार और विकास कुमार शामिल रहे। पुलिस विभाग ने साइबर सेल के एचसी जितेन्द्र थाकन और डीएसटी टीम के अमित मोटसरा के विशेष योगदान की सराहना की है।