कलेक्टर अरुण गर्ग बने हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स के जिला संरक्षक, स्कार्फ पहनाकर हुआ भव्य स्वागत

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़

जिले में युवा नेतृत्व और अनुशासन को नई दिशा देने की कड़ी में बुधवार को प्रशासनिक गलियारों से एक अहम खबर आई। जिला कलेक्टर अरुण गर्ग ने हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स राजस्थान राज्य, जिला मुख्यालय झुंझुनूं में जिला संरक्षक का कार्यभार औपचारिक रूप से संभाल लिया। पदभार ग्रहण करते ही संगठन को प्रशासन का सीधा संरक्षण और मार्गदर्शन मिलने का रास्ता साफ हो गया। मुख्यालय पहुंचने पर डीईओ स्काउट प्रदीप कुमार ईशरवाल ने स्काउट परंपरा के अनुसार कलेक्टर गर्ग को स्कार्फ पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान ईशरवाल ने जिले में चल रही स्काउट-गाइड गतिविधियों, प्रशिक्षण शिविरों, सामाजिक सेवा कार्यों और आगामी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। कलेक्टर गर्ग ने स्काउट्स-गाइड्स के अनुशासन, सेवा भाव और राष्ट्र निर्माण में योगदान की सराहना की।
इस मौके पर हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स के ब्लॉक प्रभारी आशीष गुडेसर व डॉ. पीतराम गोदारा भी मौजूद रहे। दोनों पदाधिकारियों ने संगठन के प्रमुख अभियान ‘जन बचाओ-समृद्धि लाओ’ के संचालन की रूपरेखा प्रस्तुत की। कलेक्टर गर्ग के संरक्षक बनने से इस अभियान को प्रशासनिक सहयोग के साथ जिले के कोने-कोने तक पहुंचाने की उम्मीद जगी है।
कार्यभार संभालने के बाद कलेक्टर अरुण गर्ग ने कहा कि स्काउट्स-गाइड्स युवाओं में चरित्र निर्माण, कर्तव्य बोध और समाज सेवा की भावना जागृत करने का सबसे सशक्त मंच है। जिला प्रशासन का पूरा सहयोग संगठन को मिलेगा ताकि अधिक से अधिक युवा इससे जुड़कर राष्ट्र सेवा के लिए तैयार हों।
कार्यभार ग्रहण समारोह में स्काउट-गाइड से जुड़े पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सभी ने एक स्वर में नए जिला संरक्षक के नेतृत्व में संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प लिया।