16 हजार बालिकाओं तक पहुंचने का लक्ष्य, जागरूकता रैली से दिया सुरक्षा का संदेश
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
महिलाओं और किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के लिए झुंझुनूं में व्यापक स्तर पर मुफ्त एचपीवी टीकाकरण अभियान ने गति पकड़ ली है। शुक्रवार को शहर में निकाली गई भव्य जागरूकता रैली ने इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया। शहीद स्मारक से शुरू हुई इस रैली में एएनएम ट्रेनिंग सेंटर की छात्राओं ने जोश और उत्साह के साथ भाग लिया। हाथों में पोस्टर-बैनर लिए छात्राओं ने टीकाकरण के महत्व का संदेश देते हुए लोगों को जागरूक किया।
जनप्रतिनिधियों ने दिखाई हरी झंडी, अभियान को मिला समर्थन
रैली का शुभारंभ झुंझुनूं विधायक राजेन्द्र भाम्बू, भाजपा जिलाध्यक्ष हर्षिनी कुल्हरी, जिला कलेक्टर अरूण गर्ग और सीएमएचओं डॉ. सी.एल. गुर्जर ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया। इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और बीडीके अस्पताल के पीएमओ डॉ. जितेन्द्र भांबू भी मौजूद रहे।
“एचपीवी वैक्सीन है सुरक्षा कवच”
भाजपा जिलाध्यक्ष हर्षिनी कुल्हरी ने कहा कि एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर से बचाव का सबसे प्रभावी और सुरक्षित माध्यम है। उन्होंने अभिभावकों और स्कूलों से अपील की कि वे 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं का टीकाकरण अवश्य करवाएं, ताकि भविष्य में इस घातक बीमारी से बचाव सुनिश्चित किया जा सके।
100 प्रतिशत कवरेज के लिए विशेष अभियान
जिला कलेक्टर अरूण गर्ग ने बताया कि प्रशासन का लक्ष्य जिले की हर पात्र बालिका तक टीकाकरण पहुंचाना है। इसके लिए 24 से 30 तारीख तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले के 177 स्वास्थ्य केंद्रों और स्कूलों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है, ताकि कोई भी बच्ची इस सुरक्षा चक्र से वंचित न रहे।
16 हजार बालिकाओं तक पहुंचने का लक्ष्य
सीएमएचओ डॉ. सी.एल. गुर्जर ने जानकारी दी कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाला दूसरा सबसे आम कैंसर है, जिसकी मृत्यु दर चिंता का विषय है। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक 511 बालिकाओं का टीकाकरण किया जा चुका है, जबकि लक्ष्य 16 हजार बालिकाओं तक पहुंचने का है।
संदेश साफ: “टीका ही बचाव”
स्वास्थ्य विभाग और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से यह अभियान अब जन आंदोलन का रूप लेता नजर आ रहा है। रैली के माध्यम से दिया गया संदेश स्पष्ट है— “समय पर टीकाकरण ही सर्वाइकल कैंसर से बचाव का सबसे मजबूत हथियार है।”










