जयपुर से राहत सामग्री से भरे ट्रक को अशोक गहलोत और अन्य नेताओं ने दिखाई हरी झंडी

जयपुर। राजस्थान वक्फ बोर्ड, जयपुर की ओर से पंजाब में हाल ही में आई भीषण बाढ़ के पीड़ितों के लिए राहत सामग्री से भरे ट्रकों को जयपुर से रवाना किया गया। इन ट्रकों को पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, विधायक रफीक खान और वक्फ बोर्ड अध्यक्ष खानु खान बुधवाली ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर श्री गहलोत ने कहा कि राजस्थान के लोगों की मानवता और सेवा भावना हमेशा देश के लिए मिसाल रही है। चाहे वह उड़ीसा की बाढ़ हो, गुजरात का भूकंप या केदारनाथ की त्रासदी, हर बार राजस्थान के नागरिकों ने दिल खोलकर मदद की है। उन्होंने वक्फ बोर्ड की इस पहल को इंसानियत की सच्ची तस्वीर बताया।विपक्ष के नेता टीकाराम जूली और विधायक रफीक खान ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि संकट की घड़ी में राजस्थान की जनता ने हमेशा देश के हर कोने में मदद पहुंचाई है।वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष खानु खान बुधवाली ने जानकारी दी कि राहत सामग्री वक्फ बोर्ड की विभिन्न इकाइयों और समाज के सहयोग से जुटाई गई है। इसमें बाढ़ प्रभावितों के लिए आवश्यक रोजमर्रा की वस्तुएं – जैसे खाद्य सामग्री, कपड़े, दवाइयाँ और साफ-सफाई का सामान शामिल है।














