जन आक्रोश रैली में उमड़ा जन सैलाब, कलक्ट्रेट का किया महाघेराव

0
2035

सनसिटी मैदान में हुई सभा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी और प्रतिपक्ष नेता राठौड़ का हुआ सम्मान

चूरू। भारतीय जनता पार्टी चूरू की ओर से प्रतिपक्ष नेता राजेन्द्र राठौड़ के सम्मान समारोह और जन आक्रोश महाघेराव रैली में जन सैलाब उमड़ा। सम्मान समारोह के बाद भाजपा की जन आक्रोश रैली निकली जो पुलिया से होते हुए जिला कलक्ट्रेट पहंची जहां कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट का महा घेराव किया और राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ ज्ञापन दिया। राजस्थान सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ निकाली गई रैली में भाजपा समर्थकों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

जोशी बोले किसान विरोधी सरकार को उखाड़ फैंकना जरूरी 

सभा में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि भ्रष्ट और किसान विरोधी सरकार को उखाड़ फैंकना जरूरी है। उन्होंने कहा कि एक ओर कांग्रेस की सरकार सालासर में राम दरबार को तोड़ने का काम करती है तो दूसरी ओर भाजपा की केन्द्र सरकार देश में सनातन संस्कृति के केन्द्र राम मंदिर का निर्माण कर रही है। उन्होंने कहा कि आज राजस्थान का किसान खून के आंशु रो रहा है बात कर्जा माफी की करते हैं लेकिन गिरदावरी इस तरह करवाते हैं कि किसान को कहीं लाभ नहीं मिल जाए। उन्होंने कहा कि जब राजस्थान में फसल खराबे का मामला सदन में आया तो प्रधानमंत्री को बताया गया कि 50 प्रतिशत फसल खराबा होने से किसानों को मुआवजा दिया जा सकता है तो उन्होंने 33 प्रतिशत का कानून बनाकर प्रदेश के किसानों को लाभ दिया। आज युवा परेशान है तो मातृ शक्ति का सम्मान नहीं किया जा रहा है। जयपुर बम बलास्ट के आरोपी कमजोर पैरवी के कारण छूट जाते हैं ऐसे में प्रदेशवासी कैसे अपने को सुरक्षित महसूस कर सकते है। उन्होंने आह्वान किया कि कांग्रेस की इस भ्रष्ट सरकार को उखाड़ फैंके ताकि प्रदेश का सर्वांगीण विकास किया जा सके।

बोले राठौड़ पायलट को आज याद आया भ्रष्टाचार, चार साल कहां थे 

प्रतिपक्ष नेता राजेन्द्र राठौड़ ने कांग्रेस पर हमला बोला और कहा कि कांग्रेस के नेता ही कांग्रेस के खिलाफ आज जयपुर में धरना दे रहे हैं जबकि कांग्रेस नेता सचिन पायलट 19 माह राज्य सरकार में रहे तो उन्होंने सदन में एक शब्द नहीं बोला, जब वे कहां थे। दूसरे के कंधे पर बंदूक रखकर पायलट धरना दे रहे हैं और अपनी पार्टी की सरकार के खिलाफ किस्सा कुर्सी का खेल खेल रहे है। उन्होंने कहा कि यह किस्सा कुर्सी का आज से ही नहीं जब से सरकार बनी तब से चल रहा है। इसलिए हमें कहना पड़ रहा है जो दल या सरकार अपनी आंतरिक समस्या हल नहीं कर सकती क्या उसे सरकार में बने रहने का अधिकार मिलना चाहिए।
राठौड़ ने भाजपा संगठन पर बोलते हुए कहा कि उन्हें प्रपिपक्ष नेता बनने का कोई गुमान नहीं है लेकिन उन्हें अभिमान है कि वे एक ऐसी पार्टी के कार्यकता हैं जो धारा 370 हटाकर मां भारती के माथे पर लगे कंलक को मिटा सकती है। वे ऐसी पार्टी के कार्यकर्ता है जिनका नेतृत्व दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करते है। जिन्होंने पीएम आवास योजना के माध्यम से गरीब को छत प्रदान की। उन्होंने राजस्थान सरकार में मुखिया पर आरोप लगाया और कहा कि जिनकी पार्टी अडानी को मुद्दा बनाती है और संसद नहीं चलने देती उन्हीं पार्टी के गहलोत अडानी से करोड़ों का सौदा करती है और महंगी बिजली खरीदती है। उन्होंने आगाह किया कि इस बार बिजली के आने वाले बिल ऐसा करंट मारेगी जिसे प्रदेश की जनता को झेलना पड़ेगा। जो सरकार वीरांगना का सम्मान नहीं करें और पैकेज मांगने पर उस पर अत्याचार करें इतना ही नहीं सदन में इस सरकार के मंत्री अपमान करें यह सहन नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार को लूट की छूट नहीं दे सकती हैं क्योंकि कांग्रेस सरकार ने जनता की घाटी कमाई से आए सरकारी धन की रेवड़िया बांट रही है। उन्होंने कहा कि आज सबसे महंगा पेट्रोल राजस्थान में मिल रहा है। महंगाई की बात करनेवाली यह सरकार सबसे अधिक मंडी टेक्स वसूल कर रही है। जिसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

प्रधानमंत्री मोदी के चहरे पर लड़ेगी भाजपा चुनाव

राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी ने कहा कि चूरू वीरों की धरती है तो शेखावाटी की मूल भावना को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने समझा। उन्होंने कहा कि धारा 370 हटाना और चीन को चुनौती देने का यदि किसी में साहस है तो वे केवल मोदीजी है जो भारत को दुनियां की महाशक्ति बनाने में लगे हुए है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग पूछ रहे हैं कि भाजपा आनेवाला विधानसभा चुनाव किस के चहरे पर लड़ेगी तो उन्होंने कहा कि दुनिया में सबसे शक्तिशाली नेता मोदी से बड़ा कोई चेहरा हो सकता है। इसलिए आनेवाला चुनाव भाजपा नरेन्द्र मोदी के चहरे पर ही लड़ेगी जिसका नेतृत्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी करेंगे।
सभा में रतनगढ़ विधायक अभिनेश महर्षि, पूर्व मंत्री राजकुमार रिणवां, जिला अध्यक्ष धर्मवीर पुजारी, पूर्व जिला प्रमुख हरलाल सहारण, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष पंकज गुप्ता, बीकानेर देहात प्रभारी ओम सारस्वत, पूर्व विधायक खेमाराम मेघवाल, सरदारशहर पूर्व विधायक अशोक पींचा, प्रधान दीपचंद राहड़, वंदना आर्य, पूर्व जिला अध्यक्ष बनवारीलाल शर्मा, कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए नोरंग वर्मा, पूर्व सभापति विजय शर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष वासुदेव चावला, तारानगर के राकेश जांगिड़, पूर्व जिलाध्यक्ष बसंत शर्मा आदि नेताओं ने विचार व्यक्त किए।

इन्होंने किया सम्मान

पूर्व जिला अध्यक्ष गोरीशंकर मण्डावेवाला, सरदारशहर के प्रहलाद सर्राफ, रतननगर पालिका अध्यक्ष निकिता गुर्जर, विक्रम कोटवाद, शहर अध्यक्ष सुरेश सारस्वत, चन्द्रराम गुरी, एडवोकेट हेमसिंह शेखावत, भाष्कर शर्मा, दीनदयाल सैनी, शेरू गोयनका, विनय गोयनका, दौलत तंवर, अभिषेक चोटिया, सुशील लाटा, किशन आसेरी, चन्द्रप्रकाश शर्मा, राजेन्द्र धरेन्द्रा, अशोक झिकनाड़िया, दिनेश बावलिया, विश्वनाथ शर्मा, संदीप पाटील, देवकान्त शर्मा, मांगीलाल पुजारी सहित अनेक कार्यकर्ताओं स्वागत व सम्मान किया। इस अवसर पर जिला प्रमुख वंदना आर्य, एसी प्रकोष्ठ के प्रदेश मंत्री सीताराम लुगरिया, कुरड़राम शर्मा, राधेश्याम डोकवेवाला, श्रीमती चांद कंवर, पराक्रम राठौड़, प्रभा धंधावत, मोहन गढ़वाल, फतेहचंद सोती, विमला गढ़वाल, सरदारशहर प्रधान सत्यनारायण, दीनदयाल पारीक, राजेन्द्र नायक, बीएल भाटी, जमरदीन तैली, महावीर पूनियां, कुम्भाराम ढुकिया, सुरेन्द्र स्वामी, सुरेश वर्मा, सुरभी पाण्डे, योगिता प्रजापत, सुमित्रा सेन, गोवर्धन सिंह, गिरधारीलाल गुर्जत, रणवीर कस्वां, रवि दाधीच, नारायण बेनिवाल, रवि आर्य, राकेश तालनियां, शिवचन्द शाहू, शिवभगवान कम्मा, देवनाथा महाराज, अरूण तिवाड़ी, अरविन्द इन्दोरिया, भागिरथ सिंह राठौड़, कृष्णकान्त महर्षि, पवन बगड़िया, सुनिल गहलोत, राजेश माटोलिया, सुरेन्द्र बावलिया, अमरचन्द बुडानियां, विजय बावलिया, नीरज जांगिड़, राजीव शर्मा, श्रीराम पीपलवा, प्रकाश नायक, राकेश ओझा, विकास बांठिया, भागीरथ सैनी, ममता जोशी, राकेश दाधीच, अनिता जोशी, सरिता जोशी, सुरेश प्रजापत, अनवर थीम, कपिल रक्षक, लोकेश जालान, गजानन्द गौड़, नरेन्द्र कंवल, सरेश मिश्रा, नोमान खान, अजय स्वामी, चेतराम सहारण व संदीप लुगरिया सहित अनेक नेता उपस्थित थे।

नहीं आए सांसद एवं पूर्व सांसद

जनआक्रोश रैली में जहां एक ओर जिले के अनेक भाजपा नेताओं ने भागीदारी दी वहीं चूरू सांसद राहुल कस्वां व पूर्व सांसद राम सिंह कस्वां का नहीं आना चर्चा का विषय रहा। दोनों में से किसी एक का भी रैली में न आना लोगों में चर्चा का विषय रहा सभा में आने वाले लोग इस बारे में कानाफुसी करते दिखे। राजनीति दृष्टि से भाजपा की राजनीति में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे निकट माने जा रहे भाजपा के वरिष्ठ नेता रामसिंह कस्वा के अलावा राजे के निकट मानेजाने वाले अनेक नेता व कार्यकर्ता इस आयोजन में नहीं दिखाई जाने पर लोग तरह के कयास लगाते नजर आए।

पत्रकारों के सवाल पर यूं बोले राठौड़

जला आक्रोश रैली से पूर्व पत्रकारों से रूबरू हुए प्रतिपक्ष नेता राजेन्द्र राठौड़ ने यह आक्रोश रैली उस समय हो रही है जब स्वयं कांग्रेस का आक्रोश सड़क पर हैं। उन्होंने इस सभा को आज तक की सबसे बड़ी सभा होगी जो कांग्रेस सरकार के ताबूत में आखरी कील होगी। राठौड़ ने दावा किया कि आनेवाले विधानसभा चुनाव भाजपा का परचम लहराएगा और कांग्रेस साफ हो जाएगी।

इमानदारी से निभाएंगे जिम्मेदारी

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन्हें जो जिम्मेदारी दी है वह इमानदारी से निभाएंगे। पायलट के धरने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जिनके नेतृत्व में कांग्रेस ने चुनाव लड़ा आज वे ही कांग्रेस की ही सरकार के खिलाफ विरोध प्रकट कर रहे हैं। इसका अर्थ यही है कि कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त है।

वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं ने ग्रहण की भाजपा की सदस्यता

चूरू कांग्रेस के दो वरिष्ठ नेता नोंरग वर्मा व रघुनाथ खेमका ने प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।प्रदेशाध्यक्ष ने ने दौनों को दुपट्टा पहनाकर भाजपा में शामिल किया।

पुलिस से उलझे सहारण

जन आक्रोश रैली को सफल बनाने में अग्रणीय भूमिका निभानेवाले पूर्व जिला प्रमुख हरलाल सहारण अपने कार्यकर्ताओं के लिए पुलिस से उलझ गए। मामला यह था कि पुलिस कर्मचारी सभा में आनेवाले कार्यकर्ताओं व समर्थकों के वाहनों को कलक्ट्रेट के पास ही रोक रहे थे। जबकि आयोजन स्थल कलक्ट्रेस दूर था। सहारण ने इसका विरोध किया जिस पर पुलिस अधिकारी के साथ मामूली कहासुनी हुई लेकिन बाद में वहनों को सभास्थाल की ओर जाने दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here