मलिक तालाब के पास करीब सवा मिनट तक चला संघर्ष, नीलगाय ने बचाव के लिए किया जोरदार प्रयास लेकिन बाघ की पकड़ से नहीं बच सकी
रणथंभौर। विश्व प्रसिद्ध रणथंभौर टाइगर रिजर्व में इन दिनों पर्यटकों को वन्यजीवों के रोमांचक नजारे देखने को मिल रहे हैं। यहां जंगल के राजा की फुर्ती और शिकार करने की ताकत का नजारा एक बार फिर पर्यटकों के सामने आया। रणथंभौर के जोन नंबर चार में सफारी के दौरान टाइगर RBT-2506 ने पर्यटकों के सामने एक नीलगाय का शिकार कर लिया। करीब सवा मिनट तक चले संघर्ष में नीलगाय ने अपनी जान बचाने के लिए पूरी ताकत लगा दी, लेकिन बाघ की मजबूत पकड़ के आगे उसकी एक नहीं चली। पर्यटकों ने इस पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल और कैमरों में कैद कर लिया।
जानकारी के अनुसार, जोन नंबर चार में पर्यटक सफारी का आनंद ले रहे थे। इसी दौरान मलिक तालाब के पास उन्हें टाइगर RBT-2506 दिखाई दिया। बाघ शिकार की तलाश में घात लगाए बैठा था। तभी आसपास विचरण कर रही एक नीलगाय पर उसकी नजर पड़ गई। मौका मिलते ही बाघ ने नीलगाय का पीछा करना शुरू कर दिया। करीब 20 सेकेंड तक पीछा करने के बाद उसने नीलगाय पर हमला बोल दिया।
बाघ ने सबसे पहले नीलगाय की पीठ पर झपट्टा मारा। नीलगाय ने खुद को बचाने के लिए जोरदार संघर्ष किया। इस दौरान बाघ का संतुलन बिगड़ गया और वह जमीन पर जा गिरा। हालांकि, उसने हार नहीं मानी और तुरंत दोबारा हमला कर दिया। इस बार बाघ ने नीलगाय का पैर अपने जबड़े में जकड़ लिया।
इसके बाद बाघ धीरे-धीरे नीलगाय की गर्दन तक पहुंचा और उस पर मजबूत पकड़ बना ली। नीलगाय ने काफी देर तक खुद को बचाने का प्रयास किया, लेकिन आखिरकार बाघ की ताकत के आगे उसकी जिंदगी की जंग समाप्त हो गई। बाघ ने नीलगाय को अपना शिकार बना लिया।
जंगल में शिकार और शिकारी के बीच चले इस संघर्ष का रोमांचक नजारा देखकर सफारी कर रहे पर्यटक रोमांचित हो उठे। पर्यटकों ने पूरे घटनाक्रम को अपने कैमरों में रिकॉर्ड किया। रणथंभौर में वन्यजीवों की ऐसी गतिविधियां पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।












