Advertisement
Home राजस्थान पाली देसूरी ब्लॉक कांग्रेस का बड़ा एक्शन, क्रॉस वोटिंग के आरोप में दो...

देसूरी ब्लॉक कांग्रेस का बड़ा एक्शन, क्रॉस वोटिंग के आरोप में दो पंचायत समिति सदस्य छह साल के लिए निष्कासित

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राकेश चौहान ने जारी किया निष्कासन आदेश, अन्य सदस्यों के नाम भी जल्द सार्वजनिक करने की बात कही

देसूरी। पाली । प्रहलाद सिंह
पंचायत समिति चुनाव में क्रॉस वोटिंग को लेकर देसूरी ब्लॉक कांग्रेस ने संगठनात्मक कार्रवाई करते हुए अपने दो निर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों को छह वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राकेश चौहान ने पार्टी के विरुद्ध मतदान करने और संगठन के निर्देशों के अनुसार कार्य नहीं करने के आरोप में यह कार्रवाई की है।

निष्कासित किए गए सदस्यों में वार्ड संख्या 11 से निर्वाचित पुष्पा देवी पत्नी जितेंद्र सोलंकी और वार्ड संख्या 6 से निर्वाचित कीकाराम जणवा शामिल हैं। गौरतलब है कि कीकाराम जणवा ने उपप्रधान पद के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में नामांकन भी दाखिल किया था। वहीं पुष्पा देवी के पति जितेंद्र सोलंकी युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव पद का चुनाव लड़ चुके हैं।

अन्य सदस्यों पर भी कार्रवाई के संकेत

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राकेश चौहान ने बताया कि पार्टी के खिलाफ मतदान करने वाले अन्य सदस्यों के नाम भी सामने आए हैं। उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी और नाम जल्द सार्वजनिक किए जाएंगे। इस संबंध में कांग्रेस जिला अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष से भी कार्रवाई की सिफारिश की गई है।

पंचायत समिति चुनाव के बाद कांग्रेस की ओर से अपने ही निर्वाचित सदस्यों के खिलाफ की गई इस कार्रवाई से देसूरी की स्थानीय राजनीति में हलचल मच गई है।

Advertisement