Advertisement
Home राजस्थान हनुमानगढ सरस्वती विद्या निकेतन विद्यालय में श्री बालाजी एवं मां सरस्वती मंदिर का...

सरस्वती विद्या निकेतन विद्यालय में श्री बालाजी एवं मां सरस्वती मंदिर का नींव पूजन

रावतसर के सरस्वती विद्या निकेतन विद्यालय परिसर में श्री बालाजी एवं मां सरस्वती मंदिर निर्माण के लिए आयोजित नींव पूजन कार्यक्रम में शामिल अतिथि और ग्रामीण

श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुआ धार्मिक आयोजन, भूमि दानदाताओं सहित नवनिर्वाचित सरपंचों और ग्रामीणों ने निभाई सहभागिता

रावतसर।जगराज गौड़

रामपुरा मटोरिया-रावतसर सड़क मार्ग पर स्थित चक 8 एनडब्ल्यूडी के सरस्वती विद्या निकेतन उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में श्री बालाजी मंदिर एवं मां सरस्वती मंदिर निर्माण को लेकर नींव पूजन कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। इस धार्मिक आयोजन में ग्रामीणों, नवनिर्वाचित सरपंचों और गणमान्य लोगों ने भाग लेकर मंदिर निर्माण की पहल का स्वागत किया।

मंदिर निर्माण के लिए कृपाराम महाराज, साजन राम स्वामी एवं विद्यालय के प्राचार्य सुभाष स्वामी के सौजन्य से भूमि दान की गई। भूमि दान की इस पहल को उपस्थित लोगों ने धार्मिक आस्था, सेवा, संस्कार और सामाजिक समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण बताया। नींव पूजन के साथ ही विद्यालय परिसर में आध्यात्मिक वातावरण बना और लोगों ने इसे समाज एवं आने वाली पीढ़ियों के लिए सकारात्मक कदम बताया।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत रामपुरा मटोरिया के नवनिर्वाचित सरपंच अजय मटोरिया, ग्राम पंचायत 7 डीडब्ल्यूएम के सरपंच कृष्ण चौहान, ग्राम पंचायत 4 डीडब्ल्यूएम की सरपंच इंद्रा सोहनलाल राठौर, ग्राम पंचायत 4-5 एनडब्ल्यूडी के सरपंच गोपाल राठी, उपसरपंच रामप्रताप माकड़, रजीराम मटोरिया, सोहनलाल, नेतराम स्वामी, श्यामलाल स्वामी सहित अनेक ग्रामीण एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।

सभी आगंतुकों ने मंदिर निर्माण की पहल की सराहना करते हुए इसे सामाजिक एकता, धार्मिक चेतना और संस्कारों को मजबूत करने वाला कार्य बताया। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिसर में श्री बालाजी एवं मां सरस्वती मंदिर का निर्माण विद्यार्थियों और आने वाली पीढ़ियों को श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने में सहायक होगा।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्राचार्य सुभाष स्वामी ने उपस्थित अतिथियों, नवनिर्वाचित सरपंचों, ग्रामीणों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने मंदिर निर्माण के इस पुनीत कार्य में सहभागिता निभाने के लिए सभी का धन्यवाद किया।

Advertisement