पंच दिवसीय जन्मोत्सव के तीसरे दिन देवउठनी एकादशी पर आयोजित हुआ धार्मिक कार्यक्रम, कुसुम अग्रवाल ने संपन्न कराया तुलसी विवाह
भरतपुर। रिपोर्ट : रिंकू एलीज़ा
श्री श्याम बाबा जन्मोत्सव के पंच दिवसीय कार्यक्रम के अंतर्गत शनिवार को तीसरे दिन देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर श्री श्याम बाबा मंदिर में तुलसी विवाह का आयोजन किया गया। इस दौरान भारतीय परंपरा के अनुसार मंगल गीत गाए गए और मंत्रोच्चार के साथ विवाह की रस्में संपन्न कराई गईं। आयोजन में बड़ी संख्या में महिला श्याम भक्तों ने भाग लिया।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार श्री श्याम बाबा को भगवान श्रीकृष्ण का अवतार माना जाता है। देवउठनी एकादशी पर तुलसी विवाह भगवान विष्णु और तुलसी के विवाह के प्रतीक स्वरूप आयोजित किया जाता है। यह आयोजन भक्तों और भगवान के बीच प्रेम, श्रद्धा एवं समर्पण का संदेश देता है।
मान्यता है कि देवउठनी एकादशी से विवाह के शुभ मुहूर्त की शुरुआत होती है। तुलसी को देवी लक्ष्मी का स्वरूप माना जाता है और तुलसी विवाह को भगवान विष्णु एवं माता लक्ष्मी के दिव्य मिलन का प्रतीक भी माना जाता है। धार्मिक आस्था के साथ-साथ तुलसी के पौधे का पर्यावरण संरक्षण में भी विशेष महत्व है।
मंदिर में आयोजित तुलसी विवाह कुसुम अग्रवाल के करकमलों द्वारा संपन्न कराया गया। इस अवसर पर अनेक महिला श्याम भक्तों ने मंगल गीत गाकर और धार्मिक रस्मों में भाग लेकर आयोजन को भक्तिमय बना दिया।

















