Advertisement
Home राजस्थान भरतपुर मां का साया खो चुके पांच मासूम बच्चों का सहारा बना समृद्ध...

मां का साया खो चुके पांच मासूम बच्चों का सहारा बना समृद्ध भारत अभियान

भरतपुर के सेवर में मां का साया खो चुके पांच बच्चों के परिवार को समृद्ध भारत अभियान की ओर से घरेलू सामग्री, कपड़े और शिशु उपयोग का सामान सौंपते संस्था के प्रतिनिधि

सेवर निवासी जरूरतमंद परिवार को संस्था ने उपलब्ध कराई घरेलू सामग्री, बच्चों के कपड़े, बिस्तर और शिशु के लिए जरूरी सामान; भविष्य में भी सहयोग का भरोसा

भरतपुर।रिंकू एलीज़ा

मां की ममता से महरूम पांच मासूम बच्चों और उनके परिवार की कठिन परिस्थितियों में समृद्ध भारत अभियान सहारा बनकर सामने आया है। संस्था ने सामाजिक सरोकार निभाते हुए सेवर निवासी इस जरूरतमंद परिवार को घरेलू सामग्री, बच्चों के उपयोग की वस्तुएं और दैनिक जरूरत का सामान उपलब्ध कराया।

परिवार की स्थिति की जानकारी मिलने पर संस्था के निदेशक सीताराम गुप्ता ने तत्काल पहल करते हुए टीम को मौके पर भेजा। उन्होंने परिवार की वास्तविक जरूरतों का आकलन कर आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इसी क्रम में संस्था के मुख्य प्रतिनिधि पुनीत गुप्ता, सीडीपीओ महेंद्र अवस्थी तथा टीम के सदस्य अनिल गर्ग और विष्णु मित्तल परिवार के बीच पहुंचे और सहायता सामग्री सौंपी। इसमें दो पलंग, बिस्तर, परिवार एवं बच्चों के लिए कपड़े, कंबल, घरेलू उपयोग की आवश्यक सामग्री, दो माह के शिशु के लिए शिशु रोग विशेषज्ञ की सलाह के अनुरूप दूध के डिब्बे और शिशु के लिए झूला शामिल हैं।

टीम के सदस्यों ने परिवार से बातचीत कर उनकी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी ली। साथ ही भरोसा दिलाया कि बच्चों के पोषण, शिक्षा और अन्य आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए संस्था भविष्य में भी यथासंभव सहयोग करती रहेगी।

इस अवसर पर संस्था के निदेशक सीताराम गुप्ता ने कहा कि किसी भी संवेदनशील समाज की पहचान इस बात से होती है कि वह अपने जरूरतमंद और कमजोर लोगों के साथ किस तरह खड़ा होता है। पांच मासूम बच्चों ने कम उम्र में अपनी मां को खो दिया है। ऐसे में उनके जीवन को सुरक्षित और बेहतर बनाने के लिए समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि इन बच्चों को केवल तत्काल राहत सामग्री ही नहीं, बल्कि निरंतर देखभाल, उचित पोषण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सुरक्षित भविष्य की भी आवश्यकता है। समृद्ध भारत अभियान का प्रयास है कि विपरीत परिस्थितियों में कोई जरूरतमंद परिवार खुद को अकेला महसूस न करे। संस्था का उद्देश्य केवल आर्थिक या वस्तुगत सहायता देना नहीं, बल्कि पीड़ित परिवारों को संबल प्रदान कर उनके जीवन में उम्मीद और आत्मविश्वास जगाना है।

Advertisement