Advertisement
Home राजस्थान जोधपुर जोधपुर में राष्ट्रीय साइकिल पोलो चैंपियनशिप का भव्य आगाज, पूर्व नरेश गजसिंह...

जोधपुर में राष्ट्रीय साइकिल पोलो चैंपियनशिप का भव्य आगाज, पूर्व नरेश गजसिंह ने किया शुभारंभ

जोधपुर के पाबूपुरा पोलो ग्राउंड में राष्ट्रीय साइकिल पोलो चैंपियनशिप का शुभारंभ करते पूर्व नरेश गजसिंह

सीनियर, जूनियर और सब जूनियर वर्ग की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर की टीमें ले रही हैं हिस्सा, विजेताओं को मिलेंगी विशेष जोधपुर कप ट्रॉफियां

जोधपुर ।राष्ट्रीय स्तर की साइकिल पोलो प्रतियोगिता का शानदार आगाज हुआ। पाबूपुरा स्थित पोलो ग्राउंड में 47वीं सीनियर मेन्स, 45वीं जूनियर बॉयज और 41वीं सब जूनियर बॉयज नेशनल साइकिल पोलो चैंपियनशिप शुरू हुई। पूर्व नरेश गजसिंह ने बॉल थ्रो कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। इस चैंपियनशिप में देश के विभिन्न राज्यों की टीमें अलग-अलग आयु वर्गों में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं।

प्रतियोगिता के मुकाबले 15 से 17 नवंबर तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होंगे। वहीं, फाइनल मुकाबले 18 नवंबर को सुबह 11 बजे खेले जाएंगे। फाइनल के तुरंत बाद पुरस्कार वितरण समारोह होगा।

राज मारवाड़ खेल महोत्सव के को-फाउंडर राजेंद्र कुमार गुर्जर के अनुसार, पूर्व राजपरिवार की ओर से विजेता टीमों को विशेष ट्रॉफियां प्रदान की जाएंगी। सीनियर वर्ग की विजेता टीम को राष्ट्रीय महाराजा जोधपुर कप, जूनियर वर्ग को राष्ट्रीय युवराज जोधपुर कप और सब जूनियर वर्ग की विजेता टीम को राष्ट्रीय राज भंवर साइकिल पोलो कप से सम्मानित किया जाएगा। खास बात यह है कि ये तीनों ट्रॉफियां लगातार तीन वर्षों तक रनिंग ट्रॉफी के रूप में प्रदान की जाएंगी।

आयोजन में राष्ट्रीय साइकिल पोलो संघ के अध्यक्ष, सचिव, लेखाधिकारी और टेक्निकल कमेटी के अध्यक्ष सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। वहीं, राज मारवाड़ खेल महोत्सव के मानद उपाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने बताया कि महोत्सव वर्किंग कमेटी के अध्यक्ष उत्तकर्ष सिंह, उपाध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह भाटी सहित अनेक गणमान्य नागरिक भी इस आयोजन में शामिल होंगे।

जोधपुर में आयोजित यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता साइकिल पोलो खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ ही खेल के प्रति नई पीढ़ी को प्रोत्साहित करने का अवसर भी प्रदान कर रही है।

Advertisement