जोधपुर एयरपोर्ट पर केंद्रीय मंत्री ने सुरक्षा, अर्थव्यवस्था, SCO सांस्कृतिक बैठक और RSS के शताब्दी वर्ष पर रखे विचार; जल जीवन मिशन को लेकर अशोक गहलोत पर किया पलटवार
जोधपुर। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने जोधपुर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए देश की सुरक्षा, अर्थव्यवस्था, शंघाई सहयोग संगठन (SCO) की सांस्कृतिक बैठक, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी वर्ष और प्रदेश के राजनीतिक मुद्दों पर अपनी बात रखी।
आतंकवाद और अर्थव्यवस्था पर बोले शेखावत
शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व में देश में आतंकवाद और नक्सलवाद पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर भू-राजनीतिक तनाव और सप्लाई चेन में बाधाओं के बावजूद भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना हुआ है।
SCO की सांस्कृतिक बैठक में 22 देशों को आमंत्रण
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि शंघाई सहयोग संगठन की मॉस्को बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मंच को सांस्कृतिक समरसता और संवाद का माध्यम बनाने का प्रस्ताव रखा था। इसी क्रम में दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसमें 22 देशों के संस्कृति मंत्रियों और प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है, जिनमें से 15 से अधिक देशों ने सहभागिता की पुष्टि कर दी है। प्रधानमंत्री 20 तारीख को कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे।
RSS के शताब्दी वर्ष पर ‘मरुनिनाद’ कार्यक्रम
शेखावत ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 100 वर्षों की यात्रा और सामाजिक समरसता के संदेश को लेकर जोधपुर में ‘मरुनिनाद’ कार्यक्रम आयोजित हो रहा है। इसमें सरसंघचालक की उपस्थिति और मार्गदर्शन जोधपुरवासियों एवं स्वयंसेवकों के लिए सौभाग्य का विषय है।
जल जीवन मिशन पर गहलोत को दिया जवाब
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा जल जीवन मिशन को लेकर उठाए गए सवालों पर शेखावत ने पलटवार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि गहलोत सरकार के कार्यकाल में मिशन में हुई लापरवाही और घोटालों के चलते कई अधिकारी और ठेकेदार जेल में हैं। ऐसे में उनके पास इस मुद्दे पर सवाल उठाने का नैतिक आधार नहीं है।
पर्यटन और पंचायत चुनाव पर भी की बात
शेखावत ने कहा कि दीपावली के अवसर पर जयपुर और उदयपुर में रिकॉर्ड संख्या में पर्यटक पहुंचे हैं। आगामी पंचायत चुनावों को लेकर उन्होंने विश्वास जताया कि राजस्थान की जनता एक बार फिर भाजपा की डबल इंजन सरकार की नीतियों और विकास कार्यों पर अपनी मुहर लगाएगी।
















