Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं दीपावली के नाम पर जहरीले धुएं का कारोबार! लाखों की लक्ष्मी पटाखों...

दीपावली के नाम पर जहरीले धुएं का कारोबार! लाखों की लक्ष्मी पटाखों में स्वाहा, प्रकृति को प्रदूषण की सौगात!

झुंझुनूं में महिला पतंजलि योग समिति की जिला प्रभारी गीता नूनिया के नेतृत्व में पटाखा मुक्त और प्रदूषण रहित दीपावली के लिए जागरूकता पहल

कुछ पलों के धमाकों के लिए बच्चों-बुजुर्गों की सेहत और बेजुबानों की जिंदगी से खिलवाड़ क्यों? ‘रोशनी का उत्सव मनाएं, प्रदूषण का नहीं’ के नारे के साथ महिला पतंजलि योग समिति ने पटाखों की होड़ पर उठाए तीखे सवाल


झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
दीपावली रोशनी का पर्व है या धुएं और धमाकों का प्रदर्शन? मां लक्ष्मी के स्वागत में दीप जलाने के बाद उन्हीं के नाम पर लाखों रूपये के पटाखे जलाकर हवा में जहर घोलना आखिर कैसी समझदारी है? कुछ मिनटों के मनोरंजन और दिखावे के लिए पर्यावरण, स्वास्थ्य और बेजुबान जीवों की परेशानी को नजरअंदाज करना कहां तक उचित है? दीपावली के नाम पर चल रही पटाखों की होड़ ने त्योहार के वास्तविक उद्देश्य पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर स्वच्छ पर्यावरण की बातें होती हैं, दूसरी ओर आतिशबाजी के नाम पर प्रदूषण फैलाने की तैयारी। आखिर इस दोहरे रवैये पर लगाम कौन लगाएगा?

धमाकों का शोर , जहरीले धुएं की मार , कीमत चुकाते हैं बेकसूर

पटाखों से निकलने वाला धुआं और तेज आवाज केवल वातावरण को प्रभावित नहीं करते, बल्कि छोटे बच्चों, बुजुर्गों, बीमार व्यक्तियों और पशु-पक्षियों के लिए भी परेशानी का कारण बनते हैं। जिन बेजुबानों को अपनी तकलीफ बताने तक का अवसर नहीं मिलता, उनकी पीड़ा पर भी आतिशबाजी की सनक भारी पड़ती है। सवाल यह है कि क्या त्योहार की खुशी दूसरों के स्वास्थ्य और सुकून की कीमत पर मनाई जानी चाहिए? क्या आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा देने के बजाय प्रदूषण की विरासत सौंपना हमारी जिम्मेदारी से मुंह मोड़ना नहीं है?

पटाखों की फिजूलखर्ची पर प्रहार, परिवारों से बदलाव की शुरूआत

इस गंभीर सामाजिक और पर्यावरणीय मुद्दे पर महिला पतंजलि योग समिति, झुंझुनूं ने आवाज बुलंद करते हुए पटाखों से दूरी बनाने का संकल्प लिया है। समिति की जिला प्रभारी गीता नूनिया के नेतृत्व में गहन चिंतन एवं चर्चा के बाद यह निर्णय लिया गया कि समिति की सभी बहनें सबसे पहले अपने परिवारों में पटाखों की खरीद और उपयोग पर पारिवारिक सहमति से रोक लगाने का प्रयास करेंगी। इसके बाद समाज के अधिकाधिक परिवारों को अभियान से जोड़कर जागरूक किया जाएगा।

समिति ने सवाल उठाया कि कुछ क्षणों के मनोरंजन के लिए हजारों-लाखों रूपये पटाखों में खर्च करने के बजाय उस धन का उपयोग जरूरतमंदों की सहायता और सामाजिक कार्यों में क्यों नहीं किया जा सकता? दीपावली का अर्थ केवल आतिशबाजी नहीं, बल्कि प्रकाश, आध्यात्मिकता, सद्भाव और सेवा की भावना है।

समिति ने कहा कि जहां पटाखे वातावरण को प्रदूषित करते हैं, वहीं यज्ञ और हवन आध्यात्मिक चेतना तथा वातावरण की शुद्धता का संदेश देते हैं। पटाखों की धुआंधार रोशनी के बजाय मन को शांत और प्रसन्न करने वाली आध्यात्मिक रोशनी को अपनाने की जरूरत है। दीप प्रज्वलन, रंगोली, भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पारिवारिक उत्सव और जरूरतमंदों की सेवा से भी दीपावली की खुशियां दोगुनी की जा सकती हैं।

इस पहल में समिति की जिला प्रभारी गीता नूनिया, महामंत्री शकुंतला आबूसरिया, गोपी मंडल अध्यक्ष अनिता सैनी, संरक्षिका विद्या बेनीवाल, सक्रिय कार्यकर्ता संतोष खीचड़, नवलगढ़ तहसील प्रभारी संतोष, कोषाध्यक्ष संतोष शर्मा, सोशल मीडिया प्रभारी दिव्या आबूसरिया सहित समस्त कार्यकारिणी सदस्य बहनें शामिल हैं।

समिति ने आमजन से दो टूक अपील की है कि उत्सव के नाम पर प्रकृति को प्रदूषण की सौगात देना बंद करें। दीपावली की खुशियां कम करना उद्देश्य नहीं, बल्कि त्योहार को अधिक सुरक्षित, आध्यात्मिक और पर्यावरण के अनुकूल बनाना है। अब जरूरत केवल संकल्प लेने की नहीं, बल्कि उसे अपने व्यवहार में उतारने की है।

Advertisement