बाकरा, पातुसरी, बिशनपुरा व दौरासर में किया निरीक्षण , बुजुर्ग और युवा मतदाताओं से किया संवाद , मतगणना की तैयारियों को लेकर दिए निर्देश


झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
पंचायती राज चुनाव के तहत जिले में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग तथा झुंझुनूं जिला पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर ने शुक्रवार को विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने बाकरा, पातुसरी, बिशनपुरा एवं दौरासर स्थित मतदान केंद्रों पर पहुंचकर चुनावी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अरूण गर्ग एवं एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था तथा मतदाताओं की सुविधा के लिए किए गए इंतजामों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो तथा निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देशों की पूरी पालना सुनिश्चित की जाए। साथ ही, मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रखने और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बरतने पर जोर दिया।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अरूण गर्ग ने निरीक्षण के दौरान मतगणना की तैयारियों का भी जायजा लिया। उन्होंने मतगणना स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए पर्याप्त एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि मतगणना के दौरान किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं हो। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मतगणना से जुड़ी सभी तैयारियां समय रहते पूरी करने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
बुजुर्ग मतदाताओं ने व्हीलचेयर सुविधा पर जताई प्रसन्नता
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अरूण गर्ग एवं झुंझुनूं जिला पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर ने मतदान केंद्रों पर पहुंचे बुजुर्ग और युवा मतदाताओं से संवाद कर व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान बुजुर्ग मतदाताओं ने व्हीलचेयर की उपलब्धता एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए की गई सुविधाओं पर प्रसन्नता जाहिर की। उन्होंने कहा कि व्हीलचेयर की व्यवस्था से मतदान केंद्र तक पहुंचने और अपने मताधिकार का प्रयोग करने में काफी सहूलियत मिल रही है।
अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखने तथा मतदाताओं को सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक गोपाल सिंह एवं जिला जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु सिंह भी मौजूद रहे।












