‘राजएपीकोन-2026’ में केस-स्टडी प्रस्तुति पर गोल्ड मेडल, नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित

झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
चिकित्सा क्षेत्र में अपनी प्रतिभा, मेहनत और उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर झुंझुनूं की बेटी डॉ. कीर्ति चौधरी ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया है। रणथंभौर-सवाई माधोपुर में आयोजित एसोसिएशन ऑफ फिजिशियन ऑफ इंडिया (राजस्थान चैप्टर) की 38वीं वार्षिक कॉन्फ्रेंस ‘राजएपीकोन-2026’ में केस-स्टडी प्रस्तुति के लिए डॉ. कीर्ति चौधरी को गोल्ड मेडल, नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

जयपुर के अपेक्स हॉस्पिटल में डीएनबी (जनरल मेडिसिन) द्वितीय वर्ष की रेजिडेंट डॉक्टर डॉ. कीर्ति चौधरी ने सम्मेलन में ‘रोल ऑफ क्लोरैम्फेनिकॉल इन स्क्रब टाइफस’ विषय पर अपनी केस-स्टडी प्रस्तुत की। उनकी प्रस्तुति के लिए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। चिकित्सा क्षेत्र के प्रतिष्ठित सम्मेलन में मिली इस उपलब्धि को उनकी शैक्षणिक प्रतिभा, चिकित्सकीय अनुभव और अध्ययन के प्रति समर्पण का परिचायक माना जा रहा है।
डॉ. कीर्ति चौधरी ने अपनी सफलता का श्रेय परिवारजनों एवं विभागाध्यक्ष डॉ. विपुल खंडेलवाल को दिया। उन्होंने बताया कि अस्पताल में लगातार मिल रहे चिकित्सकीय अनुभव और विभिन्न मामलों के अध्ययन से उन्हें काफी कुछ सीखने का अवसर मिला। इसी अनुभव ने केस-स्टडी तैयार करने और सम्मेलन में प्रभावी प्रस्तुति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कृषि विज्ञान केन्द्र, आबूसर (झुंझुनूं) के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. दयानन्द चौधरी की सुपुत्री डॉ. कीर्ति की इस उपलब्धि से परिवारजनों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता ने चिकित्सा क्षेत्र में आगे बढ़ रही युवा प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है।












