Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं पंचायती राज चुनाव – चार पंचायत समितियों में 383 अभ्यर्थियों ने भरे...

पंचायती राज चुनाव – चार पंचायत समितियों में 383 अभ्यर्थियों ने भरे 465 नामांकन

गुढ़ागौड़जी में सर्वाधिक 182 पर्चे दाखिल, उदयपुरवाटी में 157 नामांकन , 24 अक्टूबर को होगी संवीक्षा , 26 को नाम वापसी

झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव – 2026 के तृतीय चरण के तहत जिले की चार पंचायत समितियों में सदस्य पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी हो गई है। शुक्रवार को गोठड़ा, गुढ़ागौड़जी, नवलगढ़ और उदयपुरवाटी पंचायत समितियों में कुल 383 अभ्यर्थियों ने 465 नामांकन पत्र दाखिल किए। नामांकन के आंकड़ों में गुढ़ागौड़जी पंचायत समिति में सबसे अधिक पर्चे भरे गए, जबकि उदयपुरवाटी दूसरे स्थान पर रही। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब निर्वाचन विभाग की निगाहें संवीक्षा और नाम वापसी की प्रक्रिया पर टिकी हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने बताया कि तृतीय चरण के तहत चारों पंचायत समितियों में सदस्य पदों के लिए नामांकन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न हुए। गुढ़ागौड़जी में सर्वाधिक 182 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। इसके अलावा उदयपुरवाटी में 157, गोठड़ा में 68 और नवलगढ़ में 58 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए गए। पंचायत समिति वार आंकड़ों के अनुसार, गुढ़ागौड़जी में 139 अभ्यर्थियों ने 182 नामांकन पत्र दाखिल किए। उदयपुरवाटी में 119 अभ्यर्थियों ने 157 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए। गोठड़ा में 67 अभ्यर्थियों ने 68 नामांकन पत्र दाखिल किए, जबकि नवलगढ़ में 58 अभ्यर्थियों ने 58 नामांकन पत्र भरे। चारों पंचायत समितियों में नामांकन पत्रों की संख्या 465 रही, जबकि चुनाव लड़ने के लिए दावेदारी पेश करने वाले अभ्यर्थियों की कुल संख्या 383 है। अब नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी के बाद चुनाव मैदान में रहने वाले प्रत्याशियों की वास्तविक संख्या सामने आएगी।

24 अक्टूबर को संवीक्षा , 26 अक्टूबर को नाम वापसी

निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार, शनिवार, 24 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी। इसके बाद सोमवार, 26 अक्टूबर को अपराह्न 3 बजे तक अभ्यर्थी अपने नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी की समय सीमा समाप्त होने के बाद उसी दिन चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा। संवीक्षा और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही चारों पंचायत समितियों में चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। इसके बाद चुनाव चिह्नों के साथ प्रत्याशी अपने प्रचार अभियान को आगे बढ़ा सकेंगे।

Advertisement