जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अरूण गर्ग और एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने दिए निष्पक्ष चुनाव के निर्देश, ईवीएम संचालन का कराया व्यावहारिक अभ्यास
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
पंचायती राज चुनाव को निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरूवार को आरआर मोरारका कॉलेज एवं शहीद कर्नल जेपी जानू स्कूल में पीठासीन अधिकारियों का प्रथम प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें 1395 अधिकारियों एवं कार्मिकों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अरूण गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर ने मतदान अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया, उनकी जिम्मेदारियों तथा चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अरूण गर्ग ने कहा कि पंचायती राज चुनाव लोकतंत्र की सबसे निचली इकाई को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने में मतदान दलों की भूमिका अहम है। उन्होंने सभी कार्मिकों से बिना किसी भय या दबाव के निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने और स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने का आह्वान किया। 
प्रशिक्षण के दौरान मतदान से पूर्व की तैयारियों, मतदान प्रक्रिया के विभिन्न चरणों तथा मतदान केंद्रों पर आने वाली संभावित समस्याओं के समाधान की जानकारी दी गई। मतदान अधिकारियों को ईवीएम संचालन का हैंड्स-ऑन अभ्यास करवाया गया, ताकि वे मतदान के दिन निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें। इंटरैक्टिव सत्र के माध्यम से भी कार्मिकों को प्रशिक्षित किया गया। इसमें निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं को समझाने के साथ मतदान के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर जोर दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षण प्रकोष्ठ प्रभारी रामनिवास, सह प्रभारी अरविंद ओला सहित मास्टर ट्रेनर उपस्थित रहे।












