महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, सादगी और स्वच्छता के आदर्शों को किया याद, छात्रावास के विद्यार्थियों को जीवन में अपनाने के लिए किया प्रेरित
बाली। प्रहलाद सिंह चारण
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, बाली में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान महात्मा गांधी के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। साथ ही उनके जीवन, संघर्ष और आदर्शों पर चर्चा कर उनके विचारों को आत्मसात करने का संदेश दिया गया।कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और छात्रावास के विद्यार्थियों ने गांधीजी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सादगी के सिद्धांतों पर विचार साझा किए। वक्ताओं ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर समाज को एकजुटता, भाईचारे और स्वच्छता का संदेश दिया। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं।
विद्यार्थियों को गांधीजी के आदर्श अपनाने की प्रेरणा
कार्यक्रम के दौरान महात्मा गांधी के जीवन से जुड़े प्रसंगों और देश व समाज के लिए उनके योगदान पर प्रकाश डाला गया। छात्रावास के विद्यार्थियों को गांधीजी के आदर्शों से प्रेरणा लेकर दैनिक जीवन में सत्य, अहिंसा, अनुशासन और स्वच्छता अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।इस अवसर पर स्वच्छता के महत्व पर भी चर्चा हुई। उपस्थित लोगों ने अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने और दूसरों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम में ब्लॉक अधिकारी जितेंद्र सिंह सोनीगरा, सूचना सहायक काजल पालीवाल, लेखाकार दीक्षित, सुरेश चौधरी, मांगीलाल सहित छात्रावास के विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन महात्मा गांधी के बताए मार्ग पर चलने और उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने के संदेश के साथ हुआ।














