राजेन्द्र राठौड़, विधायक हरलाल सहारण, जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा और सभापति विनय गोयनका ने महात्मा गांधी के आदर्शों को जीवन में अपनाने का किया आह्वान
चूरू। पुरानी कलेक्ट्रेट स्थित गांधी पार्क में गुरुवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़, विधायक हरलाल सहारण, जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा और नगर परिषद सभापति विनय गोयनका की मौजूदगी में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों व छात्र— छात्राओं ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर देश को आजादी दिलाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनके विचार और आदर्श आज भी समाज को सही दिशा दिखाते हैं। गांधीजी के सिद्धांतों को जीवन में अपनाकर ही बेहतर समाज और राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है।
विधायक हरलाल सहारण ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन सादगी, त्याग, सत्य और अहिंसा का प्रतीक है। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने सामाजिक समरसता, स्वच्छता और राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने कहा कि गांधीजी के विचारों को केवल जयंती के दिन याद करने तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि दैनिक जीवन और कार्य व्यवहार में भी अपनाना चाहिए। सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और कर्तव्यनिष्ठा का उनका संदेश प्रत्येक व्यक्ति के लिए प्रेरणादायी है।
नगर परिषद सभापति विनय गोयनका ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता, सद्भाव और सामाजिक समानता का संदेश दिया। उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए शहर और समाज के विकास में सभी को मिलकर योगदान देना चाहिए।
वंदे मातरम् और राष्ट्रगान के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम् और राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस दौरान शिक्षकों ने रघुपति राघव राजाराम और श्रीराम धुन की मधुर प्रस्तुतियां दीं। इसके बाद अतिथियों ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर एडीएम अर्पिता सोनी, समाज कल्याण विभाग के अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी रामनिवास भुवाल, पार्षद विमला गढ़वाल, सुरेश सारस्वत, लिखमीचंद प्रजापत, भंवर गुर्जर, बाबू टेलर, जयप्रकाश प्रजापत, राजेश रक्षक, रजत शर्मा, योगेश शर्मा, हरिराम चोपड़ा और बाबू पाटिल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।











