Advertisement
Home राजस्थान हनुमानगढ पार्षद बनने के बाद रेखा राजेश दादरी ने निकाली धन्यवाद यात्रा

पार्षद बनने के बाद रेखा राजेश दादरी ने निकाली धन्यवाद यात्रा

हनुमानगढ़ में धन्यवाद यात्रा के दौरान वार्डवासियों से मिलतीं पार्षद रेखा राजेश दादरी

घर-घर पहुंचकर वार्डवासियों का जताया आभार, विकास को गति देने का दिलाया भरोसा

हनुमानगढ़।हिमांशु मिड्ढा
पार्षद बनने के बाद वार्डवासियों का आभार व्यक्त करने के लिए पार्षद रेखा राजेश दादरी की ओर से धन्यवाद यात्रा निकाली गई। यात्रा के दौरान वार्ड में वार्डवासियों का उत्साह देखने को मिला। रेखा राजेश दादरी ने घर-घर पहुंचकर लोगों से मुलाकात की और चुनाव में दिए सहयोग एवं समर्थन के लिए उनका आभार व्यक्त किया। इस दौरान वार्डवासियों ने भी माला पहनाकर उनका स्वागत किया और पार्षद बनने पर शुभकामनाएं दीं।

धन्यवाद यात्रा के दौरान पार्षद रेखा राजेश दादरी ने वार्ड के लोगों से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान वार्डवासियों ने जिस विश्वास और मेहनत के साथ उनका साथ दिया, उसे वह हमेशा याद रखेंगी। उन्होंने कहा कि वार्डवासियों की दिन-रात की मेहनत और सहयोग के कारण ही उन्हें पार्षद बनने का अवसर मिला है, इसलिए वह सदैव वार्डवासियों की आभारी रहेंगी।

रेखा राजेश दादरी ने कहा कि वह केवल पार्षद का पद हासिल करने के लिए चुनाव मैदान में नहीं थीं, बल्कि वार्ड के विकास और लोगों की समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से जनता के बीच गई थीं। उन्होंने कहा कि पहले की तरह केवल हस्ताक्षर करवाने तक सीमित रहने के बजाय वह विकास कार्यों को प्राथमिकता देने के लिए पार्षद बनी हैं। वार्ड में मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को गति देने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि वार्डवासियों की समस्याओं को नगर परिषद तक पहुंचाना और उनका समाधान करवाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। सड़क, सफाई, नाली, प्रकाश व्यवस्था सहित वार्ड से जुड़े अन्य विकास कार्यों को लेकर संबंधित अधिकारियों और नगर परिषद के समक्ष प्रभावी ढंग से बात रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि वार्ड के प्रत्येक व्यक्ति की आवाज बनकर कार्य करने का प्रयास करेंगी।

धन्यवाद यात्रा के दौरान वार्डवासियों ने रेखा राजेश दादरी का जगह-जगह स्वागत किया। लोगों ने उन्हें माला पहनाकर शुभकामनाएं दीं और वार्ड के विकास को लेकर अपनी अपेक्षाएं भी रखीं। पार्षद ने लोगों को भरोसा दिलाया कि चुनाव के दौरान मिले समर्थन का सम्मान करते हुए वह वार्ड के विकास के लिए लगातार प्रयासरत रहेंगी। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।

Advertisement