रंगोली में दिखी छात्राओं की सृजनात्मक प्रतिभा , विजेताओं को मिला सम्मान
झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, झुंझुनूं में ‘विकसित भारत जन सेवा अभियान’ के तहत ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं के लिए रंगोली प्रतियोगिता कराई गई, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में छात्राओं ने विभिन्न रंगों और आकर्षक डिजाइनों के माध्यम से अपनी कल्पनाओं को रंगोली के रूप में साकार किया। विद्यालय परिसर में सजी रंगोलियों ने छात्राओं की कलात्मक प्रतिभा और सृजनात्मक सोच को दर्शाया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अशोक शर्मा ने छात्राओं द्वारा तैयार रंगोलियों का अवलोकन किया तथा उनकी कला की सराहना की। उन्होंने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर एसीबीईओ सुनीता यादव, प्रधानाध्यापिका कल्पना शर्मा तथा अध्यापिकाएं मनोज कुमारी, अंजना कुमारी, सज्जना, निकिता, सलमा बानो, सोनिया एवं अनिता यादव उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में छात्राओं की सक्रिय सहभागिता रही।














