पौधों के संरक्षण के लिए लगाए ट्री गार्ड, पुलिस उपअधीक्षक करण सिंह बराड़ ने की सराहना
हनुमानगढ़। हिमांशु मिड्ढा
मानव उत्थान सेवा समिति की ओर से पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हरियालो महाअभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। समिति सदस्यों ने अभियान के दौरान अर्जुन व अमलतास प्रजाति के 25 पौधे लगाए। पौधों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक पौधे के साथ ट्री गार्ड भी लगाए गए, ताकि पौधे सुरक्षित रह सकें और उनका उचित विकास हो सके।
कार्यक्रम में पुलिस उपअधीक्षक करण सिंह बराड़ ने विशेष रूप से शिरकत की। उन्होंने अपनी सुपुत्री अरवीन कौर बराड़ के हाथों पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पौधरोपण केवल पौधा लगाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण भी जरूरी है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी जिम्मेदारी लेने का आह्वान किया।
पुलिस उपअधीक्षक करण सिंह बराड़ ने मानव उत्थान सेवा समिति के अध्यक्ष लाधु सिंह भाटी एवं समिति सदस्यों द्वारा किए जा रहे पर्यावरण संरक्षण के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि समिति निस्वार्थ भाव से सामाजिक एवं पर्यावरण हित में सराहनीय कार्य कर रही है। ऐसे अभियानों से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है और आमजन को पर्यावरण के प्रति जागरूक होने की प्रेरणा मिलती है।
समिति अध्यक्ष लाधु सिंह भाटी ने बताया कि वर्तमान समय में पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पौधरोपण करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि समिति की ओर से समय-समय पर सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न सेवा कार्य किए जाते हैं। हरियालो महाअभियान के तहत लगाए गए पौधों की देखभाल एवं सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
पौधरोपण कार्यक्रम में अशोक कुमार गांधी, लोकराज शर्मा, विश्व भारती, मलकीत सिंह, विपिन कुमार शर्मा, रमेश कुमार शाक्य, अरूण सिंह सहित समिति सदस्य एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान सभी ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक लोगों को पौधरोपण के लिए प्रेरित करने की बात कही। उपस्थित लोगों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का भी संकल्प लिया।










