हादसे में बाइक सवार 26 वर्षीय अनिल गंभीर घायल, प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर; बाइक हुई क्षतिग्रस्त
खेतड़ी । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
खेतड़ीनगर थाना क्षेत्र के खरखड़ा के पास गुरूवार को ट्रोले और बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने घायल को तत्काल खेतड़ी के राजकीय उप जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जयपुर रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार सोलाना निवासी अनिल पुत्र राजेंद्र (26) गुरूवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे बाइक से खेतड़ी से अपने गांव सोलाना की ओर जा रहा था। इसी दौरान खरखड़ा के पास उसकी बाइक ट्रोले से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि अनिल गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायल को संभाला और उपचार के लिए खेतड़ी के राजकीय उप जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉ. हिमांशु लंबोरा की टीम ने घायल का प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों ने जांच के बाद अनिल की हालत गंभीर पाए जाने पर उसे बेहतर उपचार के लिए जयपुर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन घायल को लेकर जयपुर रवाना हो गए। इधर, हादसे की सूचना मिलने पर खेतड़ीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। पुलिस ने हादसे के कारणों तथा दुर्घटना से संबंधित अन्य पहलुओं की जानकारी ली। हादसे में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।












