Advertisement
Home राजस्थान चूरू चूरू मतदान प्रतिशत: 1 बजे तक रतननगर में 59.95%, चूरू में 52.26%...

चूरू मतदान प्रतिशत: 1 बजे तक रतननगर में 59.95%, चूरू में 52.26% वोटिंग

चूरू जिले में नगर निकाय चुनाव 2026 के दौरान मतदान केंद्र पर मतदाता

पांचों निकायों में मतदान जारी, रतननगर सबसे आगे; चूरू में 50,581 मतदाताओं ने डाला वोट, वार्ड 8 व 45 में ईवीएम खराबी से हुई देरी

चूरू। नगर निकाय आम चुनाव 2026 के प्रथम चरण में बुधवार, 9 सितंबर को मतदान जारी है। जिले की पांचों निकायों में सुबह 7 बजे से वोटिंग हो रही है। दोपहर 1 बजे तक रतननगर में सबसे अधिक 59.95 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।चूरू नगर परिषद में दोपहर 1 बजे तक 50,581 मतदाताओं ने वोट डाला। यहां मतदान प्रतिशत 52.26 रहा। वहीं, सुजानगढ़ में 34,573 और राजगढ़ में 23,607 मतदाताओं ने मतदान किया। इसके अलावा रतननगर में 6,563 और छापर में 9,405 मतदाताओं ने दोपहर 1 बजे तक अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

दोपहर 1 बजे तक निकायवार मतदान

  • चूरू नगर परिषद: 50,581 वोट — 52.26%
  • सुजानगढ़ नगर परिषद: 34,573 वोट — 41.40%
  • राजगढ़ नगरपालिका: 23,607 वोट — 50.46%
  • रतननगर नगरपालिका: 6,563 वोट — 59.95%
  • छापर नगरपालिका: 9,405 वोट — 53.53%

आंकड़ों के अनुसार रतननगर मतदान के मामले में सबसे आगे रहा। यहां 59.95 प्रतिशत वोटिंग हुई। दूसरी ओर, छापर में भी 53.53 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। राजगढ़ में 50.46 प्रतिशत मतदाता दोपहर 1 बजे तक वोट डाल चुके थे।

चूरू के 60 वार्डों में मतदान

चूरू नगर परिषद के 60 वार्डों में मतदान हो रहा है। इसके लिए 106 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। परिषद क्षेत्र में कुल 96,790 मतदाता हैं। इनमें 49,776 पुरुष और 47,014 महिला मतदाता शामिल हैं।चुनाव मैदान में कुल 201 उम्मीदवार हैं। मतदान शुरू होने के बाद कई केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें नजर आईं। खासतौर पर महिलाओं और पहली बार वोट डालने वाले युवाओं में उत्साह दिखाई दिया।वहीं, बुजुर्ग मतदाता भी परिजनों की मदद से मतदान केंद्रों तक पहुंचे।

वार्ड 8 और 45 में ईवीएम खराबी

चूरू के वार्ड 8 और वार्ड 45 में ईवीएम में तकनीकी समस्या आई। इसके कारण दोनों स्थानों पर मतदान निर्धारित समय पर शुरू नहीं हो सका।तकनीकी खराबी दूर करने के बाद करीब सवा घंटे की देरी से मतदान शुरू कराया गया। वार्ड 45 के मतदान केंद्र पर चुनावी गतिविधियों के दौरान कार्यकर्ताओं के बीच झड़प की सूचना भी सामने आई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया।

मतदान केंद्रों पर पुलिस की निगरानी

मतदान केंद्रों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस जाप्ता तैनात किया गया है। इसके साथ ही पुलिस की मोबाइल टीमें अलग-अलग मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर रही हैं।डीएसपी गजेंद्र सिंह और कोतवाली सीआई गौरव खिड़िया सहित पुलिस अधिकारी व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की हैं।जिले की पांचों निकायों में मतदान प्रक्रिया जारी है। प्रशासन और पुलिस की टीमें मतदान प्रक्रिया पर लगातार निगरानी रख रही हैं।

मतदान कार्मिक अपने दायित्वों के प्रति रहें प्रतिबद्ध, शांतिपूर्ण व निष्पक्ष मतदान करें सुनिश्चित : सुराणा

नगर निकाय चुनाव 2026: चूरू में पुलिस का फ्लैग मार्च, सुरक्षा व्यवस्था सख्त

Advertisement