झुंझुनूं सहित 9 नगरीय निकायों में 9 सितंबर को होगा मतदान, सुबह 10 बजे संबंधित केंद्रों पर पहुंचेंगे कार्मिक
झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
नगर निकाय आम चुनाव 2026 के प्रथम चरण के मतदान को लेकर जिला निर्वाचन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिले के 9 नगरीय निकायों में 9 सितंबर, बुधवार को होने वाले मतदान के लिए मतदान दलों की रवानगी मंगलवार, 8 सितंबर को की जाएगी। मतदान दलों को द्वितीय प्रशिक्षण के बाद संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने बताया कि प्रथम चरण में नगर परिषद झुंझुनूं तथा नगर पालिका बगड़, सुलताना, नवलगढ़, जाखल, मुकुंदगढ़, डूंडलोद, खेतड़ी और उदयपुरवाटी में मतदान कराया जाएगा। मतदान दलों को अपने निर्धारित रवानगी केंद्र पर सुबह 10 बजे उपस्थित होना अनिवार्य होगा। यहां आवश्यक चुनाव सामग्री प्राप्त करने के बाद दलों को संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा।
इन केंद्रों से होगी मतदान दलों की रवानगी
नगर परिषद झुंझुनूं एवं नगरपालिका बगड़: सेठ मोतीलाल पी.जी. कॉलेज, शिक्षा संकुल केंद्र, झुंझुनूं। नगरपालिका सुलताना: मास्टर हजारी लाल शर्मा राजकीय महाविद्यालय, चिड़ावा। नगरपालिका नवलगढ़ एवं जाखल: सेठ जी.बी. पोद्दार कॉलेज, नवलगढ़। नगरपालिका मुकुंदगढ़ एवं डूंडलोद: कनोडिया कॉलेज, मुकुंदगढ़। नगरपालिका खेतड़ी: राजकीय जयसिंह उच्च माध्यमिक विद्यालय, खेतड़ी। नगरपालिका उदयपुरवाटी: राजकीय महाविद्यालय, उदयपुरवाटी।
9 सितंबर को होगा मतदान
प्रथम चरण के तहत इन सभी 9 नगरीय निकायों में 9 सितंबर को मतदान होगा। मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए निर्वाचन विभाग की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी की जा रही हैं। मतदान दलों की रवानगी के साथ ही चुनाव प्रक्रिया का मैदानी स्तर पर महत्वपूर्ण चरण शुरू हो जाएगा।











