‘परिवर्तनकारी मंगलवार’ के तहत राजस्थान पब्लिक स्कूल में ‘अजनबियों से डरें’ जागरूकता अभियान, विद्यार्थियों को गुड टच-बैड टच व कानूनी अधिकारों की दी जानकारी
झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, झुंझुनूं के तत्वावधान में विशेष ‘परिवर्तनकारी मंगलवार’ अभियान के तहत राजस्थान पब्लिक स्कूल में बाल सुरक्षा एवं कानूनी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अनुभा सिंह ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकगण को बच्चों की सुरक्षा, सतर्कता और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अनुभा सिंह ने विद्यार्थियों को ‘अजनबियों से डरें’ अभियान के माध्यम से समझाया कि अनजान व्यक्ति पर तुरंत विश्वास नहीं करना चाहिए। उन्होंने बच्चों को गुड टच एवं बैड टच के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी अप्रिय परिस्थिति में डरने अथवा झिझकने के बजाय तत्काल अपने माता-पिता, शिक्षक या पुलिस को इसकी जानकारी दें। उन्होंने बच्चों को अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने तथा किसी के बहकावे में नहीं आने की सीख भी दी। जागरूकता कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को उनके मूलभूत अधिकारों, बाल सुरक्षा से जुड़े कानूनों एवं पॉक्सो अधिनियम के महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी भी प्रकार की परेशानी या अनुचित व्यवहार की स्थिति में चुप रहने के बजाय भरोसेमंद व्यक्ति से मदद लेना जरूरी है।
अनुभा सिंह ने शिक्षकगण से कहा कि बच्चों के साथ खुला और विश्वासपूर्ण संवाद बनाए रखें, ताकि विद्यार्थी बिना किसी डर और संकोच के अपनी समस्याएं साझा कर सकें। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा केवल परिवार की ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को सतर्कता के साथ-साथ अपने अधिकारों और कानूनों की जानकारी देकर बाल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। अभियान ने विद्यालय में बच्चों की सुरक्षा को लेकर सकारात्मक एवं संवेदनशील वातावरण तैयार करने का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्या निधि सिहाग ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अनुभा सिंह एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य शुभकरण खीचड़, सुधीर शर्मा, मंगलाराम जांगिड़, अनीता, दलीप कुमार, मनीष सैनी एवं रामप्रताप सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।










