शिक्षक तबादलों के विरोध में चूरू में धरना जारी, 25 अगस्त को बीकानेर में प्रदर्शन का ऐलान

राजस्थान शिक्षक संघ एसटीएफआई ने स्थानांतरण रद्द करने की मांग उठाई, ग्रामीण स्कूलों में शिक्षण व्यवस्था प्रभावित होने का दावा

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

चूरू। हाल ही में किए गए शिक्षक स्थानांतरणों के विरोध में राजस्थान शिक्षक संघ एसटीएफआई का धरना बुधवार को भी चूरू स्थित संयुक्त निदेशक कार्यालय के सामने जारी रहा। धरने पर बैठे शिक्षकों ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए स्थानांतरण आदेश निरस्त करने की मांग उठाई।शिक्षक संघ के पदाधिकारियों का आरोप है कि जुलाई माह में किए गए स्थानांतरणों में पारदर्शिता का अभाव रहा। ब्लॉक अध्यक्ष विक्रम सिंह डांगी ने बताया कि शिक्षक संघ की ओर से 17 अगस्त से धरना दिया जा रहा है।उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक दबाव एवं व्यवस्थाओं के चलते बड़ी संख्या में शिक्षकों के स्थानांतरण किए गए, जिसके कारण कई विद्यालयों में शिक्षकों की कमी पैदा हो गई है। विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों के विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था प्रभावित होने का दावा संघ की ओर से किया गया।डांगी के अनुसार, स्थानांतरण प्रक्रिया के कारण कई शिक्षकों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ा है। संघ ने सरकार से स्थानांतरण आदेशों की समीक्षा करते हुए उन्हें निरस्त करने और शिक्षकों की समस्याओं का समाधान करने की मांग की है।

25 अगस्त को बीकानेर में होगा प्रदर्शन

शिक्षक संघ ने मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं होने की स्थिति में आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है। इसी क्रम में 25 अगस्त को बीकानेर स्थित शिक्षा निदेशालय के समक्ष प्रदेशभर के शिक्षक प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान शिक्षक अपनी मांगों को लेकर अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपेंगे।संघ पदाधिकारियों ने कहा कि आंदोलन का उद्देश्य शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के साथ विद्यालयों में सुचारु शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करवाना है।