विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से कराया अवगत, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज में जागरूकता फैलाने का लिया संकल्प



चूरू। विधि महाविद्यालय में नई किरण नशा मुक्ति अभियान के तहत नशे के खिलाफ जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशामुक्त एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यशाला को संबोधित करते हुए डॉ. केसी सोनी ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और सामाजिक जीवन पर गंभीर दुष्प्रभाव डालता है। युवा वर्ग को नशे से दूर रखने के लिए निरंतर जागरूकता जरूरी है। विद्यार्थियों को स्वयं नशे से दूर रहने के साथ दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना चाहिए।डॉ. एसके सैनी ने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से बचाने के लिए परिवार, शिक्षण संस्थानों और समाज को मिलकर प्रयास करने होंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा, खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों से जुड़कर अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगाने का आह्वान किया।महाविद्यालय की सहायक प्राचार्य डॉ. अनिता कुमावत ने कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं और नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर समाज को भी सही दिशा दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति यदि सकारात्मक कार्यों में लगे तो नशामुक्त और स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने नशे के दुष्परिणामों को समझते हुए नशे से दूर रहने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।



















