बाघसरा में सांसद राहुल कस्वां और विधायक मनोज मेघवाल ने किया पौधारोपण अभियान का शुभारंभ, जन्मदिन पर पूर्व सांसद को फलों से तौलकर किया अभिनंदन
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE

सुजानगढ़। पूर्व सांसद रामसिंह कस्वां के 81वें जन्मदिन को पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन के लिए समर्पित करते हुए चूरू जिले में ‘चूरू जन उपवन’ नाम से नई मुहिम की शुरुआत की गई। सुजानगढ़ की ग्राम पंचायत शोभासर के गांव बाघसरा स्थित डाबला जोहड़ में सांसद निधि और विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से करीब एक लाख पौधे लगाने के लक्ष्य के साथ अभियान का शुभारंभ सांसद राहुल कस्वां और सुजानगढ़ विधायक मनोज मेघवाल ने किया।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और स्कूली विद्यार्थियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। आयोजन के दौरान ग्रामीण क्षेत्र में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला।
‘चूरू में वन क्षेत्र बढ़ाना समय की जरूरत’
सांसद राहुल कस्वां ने कहा कि भारत वन स्थिति रिपोर्ट-2023 के अनुसार चूरू जिले में वन क्षेत्र की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने बताया कि जिले का वन क्षेत्र घटकर 62.73 वर्ग किलोमीटर, यानी कुल भौगोलिक क्षेत्र का करीब 0.45 प्रतिशत रह गया है।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को लेकर सरकारी स्तर पर कई कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, लेकिन जिले में हरित क्षेत्र बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। इसी सोच के साथ गांवों में उपलब्ध सरकारी भूमि पर सघन वृक्षारोपण के उद्देश्य से ‘चूरू जन उपवन’ अभियान शुरू किया गया है।कस्वां ने कहा कि इस मुहिम को चूरू लोकसभा क्षेत्र के सहयोग से हर गांव तक ले जाने का प्रयास किया जाएगा। खाली पड़ी सरकारी भूमि पर स्थानीय परिस्थितियों के अनुकूल पौधे लगाए जाएंगे। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ पंचायत स्तर पर आय के नए अवसर विकसित होने और भविष्य में इन स्थानों को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की संभावना भी बनेगी।उन्होंने बताया कि अभियान के लिए विस्तृत अध्ययन के बाद स्थानीय प्रजातियों के पौधों का चयन किया गया है।
‘हर पेड़ अनमोल, उसकी देखभाल भी जरूरी’
जन्मदिन के अवसर पर पूर्व सांसद रामसिंह कस्वां का बाघसरा में हजारों लोगों और स्कूली बच्चों की मौजूदगी में अभिनंदन किया गया। पौधारोपण के बाद उन्हें फलों से तौलकर, केक काटकर और माल्यार्पण कर जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गईं।पूर्व सांसद रामसिंह कस्वां ने कहा कि आज का दिन उनके लिए बेहद खास और ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पेड़ अनमोल है और बड़ी संख्या में पौधे लगाने के साथ उनकी सुरक्षा का संकल्प लेना सराहनीय पहल है। उन्होंने लोगों से बारिश के मौसम में अपने घर और गांव में अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।
‘जन उपवन को मिलकर सुरक्षित करेंगे’
सुजानगढ़ विधायक एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनोज मेघवाल ने रामसिंह कस्वां को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जननेता के जन्मदिन पर सुजानगढ़ की धरती से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ऐसी पहल शुरू होना क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि सभी मिलकर ‘चूरू जन उपवन’ को सुरक्षित और विकसित करने में सहयोग करेंगे।
महिलाओं ने मंगल गीतों के साथ लगाए पौधे
कार्यक्रम में स्कूली बच्चों की बड़ी संख्या में मौजूदगी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। महिलाओं ने पौधारोपण के साथ मंगल गीत गाकर नृत्य भी किया। इस दौरान सांसद राहुल कस्वां और पूर्व विधायक कमला कस्वां भी महिलाओं के साथ उत्सव के रंग में शामिल नजर आए।
कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में रतनगढ़ विधायक प्रतिनिधि महेंद्र गोदारा, निवर्तमान सभापति निलोफर गौरी, वरिष्ठ नेता मोहनलाल आर्य, स्थानीय प्रशासक बसीरा बानो, विद्याधर बेनीवाल, यशोदानंदन पूजारी, पूर्व बीडीसी केसर देवी मेघवाल, हरिसिंह बेनीवाल, चूरू कांग्रेस महासचिव संजय पूनिया, शेरसिंह गोस्वामी भादरा, डॉ. अजय ढ़िल भादरा, मालीराम सारस्वत, पूर्व प्रधान निर्मला सिंघल और पूर्व मंडी चेयरमैन सूरजाराम ढ़ाका सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन मौजूद रहे।कार्यक्रम के आयोजन एवं व्यवस्थाओं में विजयपाल चाहर, पूर्व सरपंच महेंद्र ढुकिया, इमरान खान, रामचंद्र गोदारा, पूर्व सरपंच मुकनाराम ढुकिया और मनोज ढ़ाका की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
CHURU प्रीमियर लीग-3 का धमाकेदार आगाज 🏏 | तनवीर खान ने किया उद्घाटन | Open Night Cricket Tournament
चूरू में ‘ऑपरेशन नकेल’ के तहत बडी कार्रवही : कंटेनर से 961 कार्टन अवैध शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार













