ग्राहकों से लोन की किश्तें वसूलकर कंपनी के खाते में जमा नहीं कराई, साथी कर्मचारी के साथ मिलीभगत का आरोप
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE


चिड़ावा।झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
एचएमटी फाइनेंस कंपनी में ग्राहकों से लोन की किश्तों के रूप में लाखों रूपये वसूलकर कंपनी के बैंक खाते में जमा नहीं कराने के मामले में पुलिस थाना चिड़ावा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना स्तर के टॉप- टेन वांछित आरोपी रामचंद्र पुत्र सुरेश कुमार, उम्र 32 वर्ष, निवासी धींधवा आथूणा, पुलिस थाना पिलानी, जिला झुंझुनूं को गिरफ्तार किया है। आरोपी कंपनी का पूर्व कर्मचारी है और उसके खिलाफ अपने साथी कर्मचारी के साथ मिलकर 2 लाख 58 हजार 130 रुपये के गबन का मामला दर्ज है। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन, वृत्ताधिकारी चिड़ावा विकास धींधवाल के सुपरविजन तथा थानाधिकारी चिड़ावा लक्ष्मी चंद वर्मा पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आरोपी को तलाश कर गिरफ्तार किया।पुलिस के अनुसार एचएमटी फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड, शाखा चिड़ावा में सीनियर रिलेशनशिप ऑफिसर के पद पर कार्यरत रामचंद्र और हवासिंह पर ग्राहकों से नकद मासिक किश्तें प्राप्त कर उन्हें कंपनी के बैंक खाते में जमा नहीं कराने का आरोप है। दोनों कर्मचारियों ने कथित रूप से आपसी मिलीभगत कर 2,58,130 रूपये की राशि का गबन किया। मामले में माननीय न्यायालय के जरिए प्राप्त इस्तगासे के आधार पर पुलिस थाना चिड़ावा में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था।पुलिस ने प्रकरण में गवाहों के बयान दर्ज करने के साथ संबंधित रिकॉर्ड प्राप्त किया। अनुसंधान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों द्वारा ग्राहकों से लोन की किश्तों की राशि प्राप्त करने के बाद उसे फाइनेंस कंपनी के बैंक खाते में जमा नहीं करवाना सामने आया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। रामचंद्र को थाना स्तर की टॉप- टेन वांछित सूची में शामिल किया गया था। लगातार तलाश के दौरान पुलिस ने उसे डिटेन किया और अनुसंधान के बाद विधिवत गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई में थानाधिकारी लक्ष्मी चंद वर्मा, उप निरीक्षक भीवाराम तथा कांस्टेबल पवन कुमार की अहम भूमिका रही। पुलिस टीम की इस कार्रवाई को थाना स्तर पर वांछित आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।










