तेज रफ्तार बाइक कार से टकराई, युवक हवा में उछलकर सड़क पार जा गिरा; हादसा CCTV में कैद

आबूरोड रेलवे स्टेशन तिराहे पर भीषण दुर्घटना, बाइक सवार दो युवक घायल; पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, रिपोर्ट दर्ज नहीं

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

सिरोही। पी.एस. चारण
जिले के आबूरोड शहर थाना क्षेत्र में सोमवार शाम रेलवे स्टेशन तिराहे पर तेज रफ्तार के कारण एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज गति से आ रही एक मोटरसाइकिल सामने से आ रही कार से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चला रहा युवक कई फीट हवा में उछलकर कार के ऊपर से सड़क के दूसरी ओर जा गिरा। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बाइक सवार दोनों युवक घायल

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मोटरसाइकिल पर दो युवक सवार थे। रेलवे स्टेशन तिराहे पर सामने से आ रही कार से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि दोनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद करते हुए पुलिस को सूचना दी।

यातायात पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल

सूचना मिलते ही यातायात पुलिस मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को राजकीय अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों युवकों को अस्पताल से छुट्टी दे दी।

कुछ देर प्रभावित रहा यातायात

दुर्घटना के कारण रेलवे स्टेशन तिराहे पर कुछ समय तक यातायात बाधित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक को सड़क से हटवाकर आवागमन सामान्य कराया। सामने आए सीसीटीवी फुटेज में टक्कर की भयावहता साफ दिखाई दे रही है, जिसमें बाइक चालक कई फीट दूर उछलकर सड़क पर गिरता नजर आता है।

अभी तक किसी पक्ष ने नहीं दी रिपोर्ट

शहर थाना अधिकारी हरचंद देवासी ने बताया कि हादसे में दोनों बाइक सवार घायल हुए थे, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को छुट्टी दे दी गई। उन्होंने बताया कि इस संबंध में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई मामला दर्ज नहीं कराया गया है।

पुलिस की अपील

पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने और यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि तेज रफ्तार और लापरवाही सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण हैं, इसलिए सुरक्षित ड्राइविंग ही ऐसे हादसों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।