Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं ट्रेन के आगे कूदकर युवक ने की आत्महत्या!

ट्रेन के आगे कूदकर युवक ने की आत्महत्या!

सुसाइड से पहले फेसबुक पर लगाई 11 स्टोरी, इंस्टाग्राम पर लिखा— “सब तेरे लिए हो रहा है”

सूरजगढ़ ।झुंझुनूं । अजीत जांगिड़

थाना क्षेत्र में एक 24 वर्षीय युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान महपालवास निवासी संदीप जाट के रूप में हुई है। जो एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत था। घटना से ठीक पहले युवक ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर कई भावुक संदेश पोस्ट किए थे। फेसबुक पर उसने 11 स्टोरी साझा कीं। जिनमें एक युवती के साथ कई तस्वीरें और विदाई जैसे संदेश थे। जबकि इंस्टाग्राम पर लिखे अंतिम संदेश में उसने एक युवती के परिजनों द्वारा धमकियां दिए जाने का आरोप लगाया। उधर, मृतक के भाई ने भी थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में युवती के परिजनों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामले में मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार संदीप शाम को घर से सूरजगढ़ जाने की बात कहकर निकला था। सुबह करीब सात बजे सूचना मिली कि दिल्ली कैंट से जयपुर जा रही सैनिक एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। सूचना पर सूरजगढ़ पुलिस और जीआरपी मौके पर पहुंची। स्टेशन मास्टर ने भी युवक के ट्रेन के आगे कूदने की जानकारी पुलिस को दी। बाद में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया। घटना से ठीक पहले संदीप ने फेसबुक पर लगातार 11 स्टोरी पोस्ट कीं। इनमें एक युवती के साथ उसकी कई तस्वीरें थीं। तीन स्टोरी में उसने लिखा— गुड बॉय लाइफ टाइम लिया, खुशी खुशी जा रहा हूं, कोई गलती हुई हो तो माफ करना। दूसरी स्टोरी में लिखा— सभी भाइयों को राम—राम और गुड बॉय, कोई गलती हुई हो तो माफ करना। किसी का दिल दुखाया हो तो गुड बॉय… माफ करना मुझे। एक अन्य स्टोरी में युवती के साथ तस्वीर साझा करते हुए लिखा— लाइफ पार्टनल… मिस यू जान। इसी दौरान इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए अंतिम संदेश में उसने लिखा कि जो कुछ भी हो रहा है। वह एक युवती के लिए हो रहा है तथा युवती के परिजनों द्वारा उसे जान से मारने की धमकियां दिए जाने का आरोप लगाया। पोस्ट में उसने लिखा कि वह डर की वजह से यह कदम उठा रहा है और अंत में युवती के लिए लव यू लिखा। मृतक के भाई की ओर से सूरजगढ़ थाने में दी गई रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि संदीप का पिछले कुछ समय से एक युवती से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। करीब एक वर्ष पहले इस संबंध की जानकारी युवती के परिजनों को हो गई थी। रिपोर्ट में कहा गया है कि पिछले दो माह से युवती के परिजन संदीप को लगातार जान से मारने की धमकियां दे रहे थे। डर के कारण उसने युवती से बातचीत भी बंद कर दी थी और छिप-छिपकर आना-जाना करता था। रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया है कि कई बार उसके साथ मारपीट की गई और लगातार गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां दी जाती थीं। रिपोर्ट में यह भी उल्लेख है कि संदीप ने इन परिस्थितियों का जिक्र अपने इंस्टाग्राम और फेसबुक अकाउंट पर भी किया था। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके इंस्टाग्राम अकाउंट से साझा की गई जानकारी हटा दी और अकाउंट भी स्थायी रूप से बंद कर दिया। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हम वायरल फोटो और वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करते।

Advertisement