खेतड़ी । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
खेतड़ी कस्बे के मुख्य बस स्टैंड पर यमुना जल समझौते को ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधायक इंजी. धर्मपाल गुर्जर का भव्य स्वागत एवं सम्मान किया। इस अवसर पर बबाई सीमा से खेतड़ीनगर तक विशाल वाहन रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं क्षेत्रवासी शामिल हुए। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के समर्थन में नारे लगाए और यमुना जल परियोजना को शेखावाटी के लिए मील का पत्थर बताया। रैली के समापन पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए विधायक इंजी. धर्मपाल गुर्जर ने कहा कि यमुना का पानी खेतड़ी क्षेत्र के लिए किसी वरदान से कम नहीं होगा। उन्होंने कहा कि वर्षों से क्षेत्र के लोग पेयजल संकट का सामना कर रहे हैं, लेकिन अब राज्य सरकार की कर्मठता और दृढ़ इच्छाशक्ति के कारण शेखावाटी के लोगों को यमुना का पानी मिलने का रास्ता साफ हो गया है। विधायक ने कहा कि वर्ष 1994 में हुआ यमुना जल समझौता लंबे समय तक केवल कागजों तक सीमित रहा, लेकिन अब इसे धरातल पर उतारने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि परियोजना पूरी होने के बाद खेतड़ी सहित पूरे शेखावाटी क्षेत्र के लोगों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध होगा और जल संकट से स्थायी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के हर क्षेत्र के समान विकास के लिए प्रतिबद्ध है और जनता से किए गए वादों को प्राथमिकता के साथ पूरा कर रही है। सभा में मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की नई शुरुआत बताया। कार्यक्रम के अंत में विधायक का साफा पहनाकर एवं माल्यार्पण कर सम्मान किया गया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों की मौजूदगी से पूरे कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा। इस मौके पर पूर्व विधायक हजारीलाल गुर्जर, पूर्व सरपंच फतेहसिंह शेखावत, संजय देव गुर्जर, पूर्व प्रधान मदन लाल गुर्जर, पूर्व पालिकाध्यक्ष विजेश शाह, भानूप्रकाश, हरिराम गोठड़ा, सुरेंद्र काजला, बबलू अवाना, प्रभू गुर्जर राजोता, निखिल शर्मा, नगेंद्र सिंह, अभिषेक कुमार, रमेश कुमार, अनिल कुमार, बाबूलाल, विजयपाल, सुरेंद्र गुर्जर सहित अनेक लोग मौजूद थे।
यमुना जल समझौते पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया विधायक का सम्मान, बबाई से खेतड़ीनगर तक निकाली रैली
Advertisement










