सांसद इकरा हसन, शाही इमाम मौलाना उस्मान लुधियानवी और मोटिवेशनल स्पीकर मुनव्वर जमा ने युवाओं को शिक्षा, माता-पिता के सम्मान और समाज निर्माण का दिया संदेश; हजारों लोगों की ऐतिहासिक मौजूदगी
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
सामाजिक संस्था मुस्लिम वेलफेयर फ्रंट के तत्वावधान में रविवार को शहर के कर्बला मैदान में आयोजित इस्लाहे मुआसरा एवं तालीमी कॉन्फ्रेंस शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और नैतिक मूल्यों का बड़ा मंच बनकर उभरा। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे प्रमुख वक्ताओं ने युवाओं से शिक्षा को जीवन की सर्वोच्च प्राथमिकता बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि तालीम ही समाज और राष्ट्र की तरक्की की सबसे मजबूत बुनियाद है।
सम्मेलन की मुख्य अतिथि कैराना (उत्तर प्रदेश) की सांसद इकरा हसन ने कहा कि आज देश की बेटियां शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। वे हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और अपने परिवार के साथ-साथ देश का नाम भी रोशन कर रही हैं। उन्होंने युवाओं से शिक्षा के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया। देश के प्रसिद्ध मोटिवेशनल स्पीकर मुनव्वर जमा ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि पढ़ाई के क्षेत्र में लड़कियों की तुलना में लड़कों के पिछड़ने की स्थिति चिंता का विषय है। उन्होंने युवाओं से समय का सदुपयोग करते हुए शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और करियर निर्माण पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि हर युवा का लक्ष्य अपने क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करना होना चाहिए। वहीं, पंजाब के शाही इमाम मौलाना उस्मान लुधियानवी ने अपने संबोधन में शिक्षा के साथ संस्कार और माता-पिता के सम्मान को सफलता का आधार बताया। उन्होंने कहा कि जीवन में डॉक्टर, इंजीनियर या अन्य ऊंचे पद हासिल कर लेने के बाद भी माता-पिता को नहीं भूलना चाहिए। उनकी दुआएं ही इंसान की सबसे बड़ी पूंजी होती हैं और हर सफलता के पीछे उनका आशीर्वाद महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। सम्मेलन से पूर्व तीनों विशिष्ट अतिथियों का मुस्लिम वेलफेयर फ्रंट के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। फ्रंट के अध्यक्ष इब्राहिम खान ने सभी अतिथियों और दूर-दराज़ से पहुंचे लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजनों की निरंतर आवश्यकता है। कार्यक्रम में झुंझुनूं के अलावा चूरू, सीकर, बाड़मेर, जोधपुर, नागौर सहित राजस्थान के अनेक जिलों से हजारों की संख्या में पुरुष एवं महिलाएं शामिल हुए। भीषण गर्मी के बावजूद लोगों का उत्साह देखते ही बना और पूरा पंडाल देर तक श्रोताओं से खचाखच भरा रहा।।कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों ने मुस्लिम वेलफेयर फ्रंट के सक्रिय कार्यकर्ताओं को मोमेंटो एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन जाहिरा बैगम ने किया। शिक्षा, सामाजिक सुधार और पारिवारिक मूल्यों के संदेश से सराबोर यह सम्मेलन झुंझुनूं में सामाजिक जागरूकता का एक महत्वपूर्ण आयोजन साबित हुआ, जिसमें हजारों लोगों की सहभागिता ने इसे यादगार बना दिया।














