झुग्गी बस्ती स्थित ‘माँ की ममता पाठशाला’ से हुआ शुभारंभ, जिले के 1.66 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की दवा
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
जिले में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के प्रदेशव्यापी पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ रविवार को पुलिस लाइन के सामने स्थित झुग्गी बस्ती में संचालित ‘माँ की ममता पाठशाला’ से हुआ। जिला कलक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान की औपचारिक शुरूआत की तथा अभिभावकों से अपने बच्चों को पोलियो की प्रत्येक खुराक अवश्य दिलाने की अपील की। इस अवसर पर जिला कलक्टर डॉ. गर्ग ने कहा कि भारत पोलियो मुक्त देश बन चुका है, लेकिन पड़ोसी देशों में अभी भी पोलियो के मामले सामने आने के कारण सतर्कता बरतना जरूरी है। उन्होंने कहा कि पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दवा पिलाना बेहद आवश्यक है, ताकि देश की पोलियो मुक्त स्थिति बरकरार रहे। उन्होंने विशेष रूप से कच्ची बस्तियों और वंचित क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने को प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. छोटेलाल गुर्जर ने कहा कि जिलेभर में पल्स पोलियो अभियान के सफल संचालन के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही हैं। उन्होंने सभी स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने बताया कि जिले में 1 लाख 66 हजार बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।कार्यक्रम में आरसीएचओ डॉ. दयानंद सिंह, बीसीएमओ डॉ. रेखा, डीपीओ सियाराम पूनिया, डीपीसी डॉ. महेश कड़वासरा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अभियान के आयोजन में ‘माँ की ममता पाठशाला’ तथा राजस्थान दिव्यांग सेवा संस्थान, झुंझुनूं का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। इस अवसर पर संस्थान के अध्यक्ष पृथ्वीराज सिंह गुर्जर, कोषाध्यक्ष बाबूलाल कुमावत, मीडिया प्रभारी राकेश कुमार दीपू, सुमन पूनिया, दलीप सहित अनेक गणमान्य नागरिक, स्वास्थ्यकर्मी एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।













