एसपी निश्चय प्रसाद ने किया शुभारंभ, हादसों के दौरान घायलों को समय पर मिलेगी चिकित्सा सहायता
चूरू।सड़क हादसों में घायल व्यक्तियों को शीघ्र सहायता और उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में चूरू पुलिस को बड़ी सौगात मिली है। पुलिस मुख्यालय की ओर से जिले को दो अत्याधुनिक हाईवे रेस्क्यू वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। सोमवार को पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम ने इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये विशेष वाहन दुर्घटनाओं के दौरान सबसे पहले मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य करेंगे तथा घायलों को गोल्डन ऑवर के भीतर अस्पताल पहुंचाने में मदद करेंगे।पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम ने बताया कि दोनों रेस्क्यू वाहन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक की निगरानी में संचालित किए जाएंगे। इनमें से एक वाहन को सालासर और दूसरे को भानीपुरा मुख्यालय पर तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि सालासर स्थित वाहन एनएच-52 समेत आसपास के राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर सेवाएं देगा, जबकि भानीपुरा स्थित वाहन मेगा हाईवे तथा अन्य संवेदनशील मार्गों पर कार्य करेगा।जबकि किसी भी सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही प्रशिक्षित पुलिसकर्मी आवश्यक उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचेंगे और बचाव कार्य शुरू करेंगे। इन वाहनों में हाइड्रोलिक जैक, इलेक्ट्रिक विन्च, टॉवर लाइटिंग सिस्टम, ऑक्सीजन किट, फोल्डेबल स्ट्रेचर, स्पाइन बोर्ड, फायर एक्सटिंग्विशर, ग्लास कटर, जीपीएस सिस्टम, ट्रैफिक सुरक्षा उपकरण सहित कई अत्याधुनिक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं।इन सुविधाओं की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने, प्राथमिक उपचार देने और शीघ्र अस्पताल पहुंचाने में आसानी होगी।एसपी ने बताया कि इन वाहनों के संचालन के लिए पुलिस लाइन चूरू के प्रशिक्षित हेड कांस्टेबल और कांस्टेबलों को तैनात किया गया है। उन्हें आपदा प्रबंधन एवं रेस्क्यू उपकरणों के उपयोग का विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया है। इसके अलावा अन्य पुलिसकर्मियों को भी चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षित किया जा रहा है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वे भी राहत कार्यों में प्रभावी भूमिका निभा सकें।










