चिड़ावा। झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
जिले के चिड़ावा क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दर्दनाक रेल दुर्घटना की जानकारी सामने आई है, जहां सैनिक एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक 25 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना नारी गांव के समीप मध्य रात्रि करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही चिड़ावा पुलिस थाने की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई ) ओम प्रकाश नरूका, कांस्टेबल विकास और वाहन चालक रामकिशन ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए शव को उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
सोशल मीडिया के जरिए हुई मृतक की पहचान
शुरूआती जांच के दौरान मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। दुर्घटना के समय युवक ने क्रीम रंग की कमीज, काले रंग की पैंट और नीले रंग की चप्पल पहन रखी थी। पुलिस द्वारा शिनाख्त की अपील के बाद रविवार सुबह जब यह खबर सोशल मीडिया पर तेजी से फैली, तो इसे देखकर मृतक के पिता बनेश कुमार थाने पहुंचे। उन्होंने शव की पहचान अपने 25 वर्षीय पुत्र अमित कुमार उर्फ भादर के रूप में की, जो अरड़ावता का निवासी था। पिता ने बताया कि अमित शनिवार रात करीब 10 बजे बिना कुछ बताए घर से निकला था। पहचान सुनिश्चित होने के बाद पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। चिड़ावा थाने के एसआई कैलाश चंद्र और कांस्टेबल बाबूलाल की मौजूदगी में अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया। इस अचानक हुए हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।










