Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं 12 जून से 15 जुलाई तक जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में...

12 जून से 15 जुलाई तक जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में लगेंगे जन-कल्याण शिविर

22 विभागों की सहभागिता से नागरिकों को मौके पर ही मिलेगा योजनाओं का लाभ

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा एवं निर्देशों की अनुपालना में प्रदेशभर में आमजन को राज्य सरकार की विभिन्न जन-कल्याणकारी एवं फ्लैगशिप योजनाओं का लाभ सीधे उनके घर-द्वार तक पहुँचाने के लिए 12 जून से 15 जुलाई, 2026 तक राज्यव्यापी “ग्रामीण सेवा शिविर-2026” का आयोजन किया जाएगा।
जिला कलेक्टर डॉ अरूण गर्ग ने बताया कि 12 जून से 15 जुलाई तक चलने वाले ग्राम सेवा शिविर अभियान के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत मुख्यालय पर जनकल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे । अभियान की सफल संचालन के लिए जिला स्तर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी परशुराम धानका को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है । अभियान के तहत राजस्व विभाग के अतिरिक्त 21 अन्य महत्वपूर्ण विभागों की भागीदारी रहेगी। शिविरों का समय सप्ताह के कार्य दिवसों में प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक रहेगा।

एक ही स्थान पर मिलेंगी विभिन्न विभागों की सेवाएं

ग्रामीण सेवा शिविर में राजस्व विभाग को अभियान का नोडल विभाग बनाया गया है। विभाग द्वारा राजस्व अभिलेखों एवं खातों का शुद्धिकरण, खातों का विभाजन, रास्तों संबंधी प्रकरणों का निस्तारण, नामांतरण (म्यूटेशन), सरकारी एवं चारागाह भूमि से अतिक्रमण हटाने, भूमिहीन किसानों को भूमि आवंटन, खातेदारी अधिकार प्रदान करने, सीमाज्ञान, आबादी विस्तार एवं विभिन्न प्रकार के प्रमाण-पत्र जारी करने की कार्यवाही की जाएगी। ग्रामीण विकास विभाग द्वारा वीबी—जी राम जी योजना का प्रचार—प्रसार एवं प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत पात्र परिवारों को लाभान्वित किया जाएगा। तथा स्वयं सहायता समूहों के गठन,बैंक खाता खुलवाना और बैंक लिंकेज की प्रक्रिया को गति देगा। पंचायती राज विभाग स्वच्छता संबंधी कार्यों, आईएचएचएल की स्वीकृतियां,विमुक्त घुमन्तु एवं अर्द्धघुमन्तु श्रेणी के परिवारों को पट्टा वितरण, भूखण्ड आवंटन तथा जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र जारी करने की सेवाएं उपलब्ध कराएगा। वन विभाग द्वारा वन भूमि संबंधी प्रकरणों का निस्तारण एवं पौधों का निःशुल्क वितरण किया जाएगा। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग मातृ-शिशु स्वास्थ्य जांच, कैंसर एवं सिकल सेल स्क्रीनिंग, टीबी जांच, टीकाकरण तथा आयुष्मान भारत कार्ड वितरण करेगा। पशुपालन विभाग द्वारा पशु स्वास्थ्य शिविर, टीकाकरण एवं मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत बीमा पॉलिसियां वितरित की जाएगी।

पेयजल विद्युत, सड़क एवं अन्य आधाभुत सुविधाओं से जुडी समस्याओं का होगा समाधान

ग्रामीण सेवा शिविर में ऊर्जा विभाग द्वारा विद्युत सप्लाई, ट्रांसफार्मर एवं बिजली संबंधी शिकायतों का समाधान किया जाएगा। जबकि कृषि विभाग किसानों को विभिन्न योजनाओं एवं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की जानकारी उपलब्ध कराएगा। आयोजना विभाग जनधन खाते, सामाजिक सुरक्षा बीमा योजनाओं, अटल पेंशन योजना एवं जनआधार से जुड़े कार्य करेगा। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग एनएफएसए से संबंधित लंबित प्रकरणों, ई-केवाईसी एवं आधार सीडिंग का निस्तारण करेगा। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग पेंशन सत्यापन, पालनहार योजना, यूडीआईडी कार्ड, कृत्रिम अंग वितरण एवं मुख्यमंत्री कन्यादान योजना से संबंधित कार्य किए जाएंगे।शिविरों में महिला एवं बाल विकास विभाग लाडो प्रोत्साहन योजना, काली बाई भील सम्बल उड़ान योजना, पन्नाधाय सुरक्षा एवं समान केन्द्र,मुख्यमंत्री सामुहिक विवाह अनुदान योजना, वन स्टॉप सेन्टर,महिला हेल्पलाइन,शिक्षा सेतु,मुख्यमंत्री मातृत्व पोषण, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, महिला सुरक्षा एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र महिलाओं तक पहुंचाएगा। श्रम विभाग निर्माण श्रमिकों के लिए टूलकिट सहायता योजना के आवेदनों का निस्तारण करेगा। आपदा प्रबंधन एवं सहायता विभाग प्राकृतिक आपदाओं से संबंधित सहायता प्रकरणों का निस्तारण करेगा। जल संसाधन विभाग जल निकासी, जलभराव, बांधों एवं अतिक्रमण से संबंधित प्रस्ताव तैयार करेगा। परिवहन विभाग पात्र व्यक्तियों को रोडवेज बसों के लिए रियायती एवं निःशुल्क यात्रा पास जारी किए जाएंगे। सहकारिता विभाग किसानों को फसली ऋण योजनाओं के प्रति जागरूक करेगा तथा पीएम-किसान लाभार्थियों का सत्यापन करेगा। शिक्षा विभाग नामांकन वृद्धि,पालनहार योजना, छात्रवृत्ति समस्याओं के समाधान एवं विद्यालय भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। शिविरों में आयुर्वेद एवं भारतीय चिकित्सा पद्धति विभाग निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित कर आवश्यक दवाइयों का वितरण करेगा। सैनिक कल्याण विभाग पूर्व सैनिकों की पेंशन एवं पहचान पत्र संबंधी समस्याओं का समाधान करेगा। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं भू-जल विभाग पेयजल व्यवस्था, हैंडपंप मरम्मत, जल गुणवत्ता जांच तथा पाइपलाइन लीकेज की समस्याओं का निराकरण करेगा। सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा ग्रामीण सड़कों एवं राजकीय भवनों की मरम्मत सुनिश्चित की जाएगी।

इन 22 विभागो की रहेगी भागीदारी

•⁠ ⁠राजस्व विभाग
•⁠ ⁠पंचायती राज विभाग
•⁠ ⁠ग्रामीण विकास विभाग
•⁠ ⁠जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं भूजल विभाग
•⁠ ⁠कृषि विभाग
•⁠ ⁠जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग
•⁠ ⁠ऊर्जा विभाग
•⁠ ⁠सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग
•⁠ ⁠सैनिक कल्याण विभाग
•⁠ ⁠महिला एवं बाल विकास विभाग
•⁠ ⁠चिकित्सा एवं स्वास्थ्य परिवार कल्याण विभाग
•⁠ ⁠खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग
•⁠ ⁠आयोजना विभाग
•⁠ ⁠पशुपालन विभाग
•⁠ ⁠श्रम विभाग
•⁠ ⁠आयुर्वेद विभाग
•⁠ ⁠शिक्षा विभाग
•⁠ ⁠सार्वजनिक निर्माण विभाग
•⁠ ⁠सहकारिता विभाग
•⁠ ⁠वन विभाग
•⁠ ⁠जल संसाधन विभाग
•⁠ ⁠परिवहन विभाग

आज इन ग्राम पंचायत में लगेंगे शिविर – ग्रामीण सेवा शिविर अभियान के तहत शुक्रवार को जिले के नयासर, बागोरा, अलसीसर, उदामंडी, खानपुर, झेरली, चनाना, तिगियास, भीमसर, गोठड़ा, मानोता कला, लोहार्गल, चिराना, अगवाना खुर्द, फरट, बड़ागांव पंचायतों के पंचायत मुख्यालय पर जन कल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे ।

Advertisement