चिड़ावा में ट्रायल रूम वीडियो मामले पर बढ़ा जनआक्रोश, विभिन्न संगठनों ने किया विरोध प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन

जमजम कलेक्शन पर पहुंची पुलिस, जुटाए तकनीकी साक्ष्य

चिड़ावा I झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
कस्बे में कपड़ों के शोरूम के ट्रायल रूम में महिला का कथित वीडियो बनाए जाने के मामले को लेकर रविवार को विभिन्न संगठनों, व्यापार मंडल और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। घटना के विरोध में हिंदूवादी संगठनों, भाजपा नेताओं और व्यापारियों ने प्रदर्शन कर पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन से पहले कबूतरखाना बस स्टैंड स्थित पार्क में व्यापार मंडल, हिंदूवादी संगठनों और भाजपा पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में घटना की निंदा करते हुए कहा गया कि इस तरह की घटनाओं से पूरे बाजार और व्यापारिक प्रतिष्ठानों की छवि प्रभावित होती है। बैठक के बाद बड़ी संख्या में लोग रैली के रूप में पुरानी तहसील होते हुए विवेकानंद चौक पहुंचे, जहां नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान थानाधिकारी कैलाश चंद्र को पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई । साथ ही चिड़ावा क्षेत्र के सभी कपड़ा शोरूम और गारमेंट्स दुकानों के ट्रायल रूम की जांच कर छिपे कैमरों या रिकॉर्डिंग उपकरणों की पड़ताल करने की मांग उठाई गई। ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि गारमेंट्स दुकानों पर महिला कर्मचारियों की नियुक्ति अनिवार्य की जाए तथा कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन कराया जाए। व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर वास्तविक मालिक का नाम स्पष्ट रूप से अंकित करने और मामले से जुड़े लोगों के मोबाइल फोन की जांच कराने की मांग भी रखी गई। प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेता राजेश दहिया, जन महिला जनशक्ति की अध्यक्ष नितिका थालौर, भाजपा नगर अध्यक्ष नरेंद्र गिरधर, विहिप जिलाध्यक्ष पृथ्वीराज शर्मा, विहिप नगर अध्यक्ष गौरव शर्मा, बजरंग दल अध्यक्ष यमन वर्मा, भाजयुमो के पूर्व अध्यक्ष अशोक शर्मा, मुकेश खंडेलवाल, राकेश बाछुका, बिल्लू चनानिया, आशू स्वामी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

जमजम कलेक्शन पर पहुंची पुलिस, जुटाए तकनीकी साक्ष्य

इस मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस टीम ने आरोपी के जमजम कलेक्शन प्रतिष्ठान पर पहुंचकर मौका-मुआयना किया और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तकनीकी जांच भी कर रही है। जांच अधिकारी एवं सुलताना थानाधिकारी रविंद्र सिंह ने मौके पर पहुंचकर पूरे प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया । इस दौरान पुलिस ने ट्रायल रूम और संदिग्ध स्थानों की बारीकी से जांच की। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी शाहरूख के कब्जे से जब्त किए गए आईफोन की जांच में महिलाओं के कपड़े बदलते समय के कई आपत्तिजनक फोटो और वीडियो मिले हैं। प्रारंभिक जांच में करीब 8 से 10 फोटो और 3 वीडियो सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि ये फोटो और वीडियो पिछले तीन दिनों के दौरान रिकॉर्ड किए गए थे। पुलिस अब मोबाइल फोन के डाटा को खंगाल रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वीडियो और फोटो कहीं शेयर तो नहीं किए गए। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता तो नहीं है। घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में लोगों में भारी आक्रोश है। पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।