अवैध शराब बिक्री मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार, सिंघाना पुलिस की कार्रवाई

सिंघाना I झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
अवैध शराब बिक्री के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को सिंघाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को मुखबिर की सूचना पर दस्तयाब कर गिरफ्तार किया, जिससे मामले की जांच को नई गति मिली है। पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर के निर्देशन में गठित टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार 7 मई 2026 को एएसआई राजेश कुमार पुलिस जाप्ते के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान सूचना मिली कि सांवलोद निवासी संदीप कुमार पुत्र सत्यवीर अवैध शराब बेच रहा है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर घेराबंदी की, लेकिन आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने मौके से अवैध शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ सिंघाना थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। प्रकरण दर्ज होने के बाद आरोपी गिरफ्तारी के डर से लगातार फरार चल रहा था। उसकी तलाश के लिए विशेष टीम का गठन किया गया और लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। इसी क्रम में 1 जून को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को सिंघाना सर्किल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से मामले के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है तथा अवैध शराब के नेटवर्क से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। कार्रवाई में सुगन सिंह, थाना अधिकारी, पुलिस थाना सिंघाना , सुरेंद्र नारवाल, हेड कांस्टेबल , रामस्वरूप, हेड कांस्टेबल (विशेष योगदान) विक्रम सिंह, कांस्टेबल शामिल रहें I सिंघाना पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।