पचेरी कलां बाजार में बिजली का पोल गिरा, रास्ता बंद होने से आवागमन बाधित हुआ

खेतड़ी I झुंझुनूं I अजीत जांगिड़
पचेरी कलां कस्बे के मुख्य बाजार में बीती रात आई तेज आंधी और बारिश के कारण सड़क किनारे स्थित बिजली का पोल गिर गया, जिससे पुराने बाजार क्षेत्र में आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। पोल गिरने से बाजार के रास्ते पर वाहनों और ग्राहकों का आना-जाना बंद हो गया है, जिससे व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दुकानदारों के अनुसार घटना रात में हुई थी, लेकिन बिजली विभाग की ओर से किसी भी प्रकार की कार्रवाई या मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया। घटना के काफी समय बीत जाने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि मुख्य बाजार का रास्ता अवरुद्ध होने से कारोबार प्रभावित हो रहा है तथा लोगों को आने-जाने में दिक्कतें हो रही हैं। दुकानदारों ने जल्द से जल्द पोल को हटाकर मार्ग सुचारू करने और आवश्यक मरम्मत कार्य कराने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है। बाजार के व्यापारियों ने प्रशासन और बिजली विभाग से तत्काल समाधान की मांग की है।