एडीएम अर्पिता सोनी ने अधिकारियों को दिए त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश
चूरू। कलेक्ट्रेट स्थित जनसेवा केंद्र में गुरुवार को जिला स्तरीय जनसुनवाई एवं समाधान शिविर आयोजित किया गया। जिला कलेक्टर अभिषेक सुराणा के निर्देशन में आयोजित जनसुनवाई में अतिरिक्त जिला कलेक्टर अर्पिता सोनी ने आमजन की समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।एडीएम अर्पिता सोनी ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप आमजन को त्वरित राहत उपलब्ध कराना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परिवादों के निस्तारण में व्यक्तिगत रुचि लेते हुए तय समयावधि में कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा आमजन को संतुष्ट करें। साथ ही विभागों के बीच समन्वय और जवाबदेही के साथ कार्य करने पर भी जोर दिया गया।जनसुनवाई के दौरान राजस्व, पेयजल, बिजली, सड़क, सीवरेज निर्माण, अतिक्रमण, टेंडर प्रक्रिया में अनियमितता, पट्टा जारी करने, रास्तों के विवाद, बरसात में जलभराव, बकाया भुगतान, निराश्रित पशुओं से परेशानी तथा क्षतिग्रस्त बिजली पोल जैसी समस्याओं से जुड़े कुल 31 परिवाद प्राप्त हुए। इनमें नगर निकाय के 12, पीएचईडी के 5, पुलिस विभाग के 4 तथा राजस्व विभाग के 3 मामले शामिल रहे।अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। वहीं संपर्क पोर्टल और सतर्कता समिति में लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई। प्रदेश स्तर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनसुनवाई की प्रगति की समीक्षा भी की गई।
















